सरगुजा में बिजली गिरी, बच्ची की मौत:रोपा लगाने के दौरान हादसा, कोरिया में भी 7 महिलाएं झुलसी

सरगुजा जिले के लखनपुर ब्लॉक के ग्राम बिनिया में शनिवार शाम खेत में रोपा लगाने के दौरान बिजली (गाज) गिरने से 7 साल के बच्ची की मौत हो गई। हादसे में एक युवक और 9 साल की बच्ची घायल हो गए। दोनों का अस्पताल में इलाज जारी है। वहीं कोरिया जिले में भी गाज गिरने से रोपा लगा रही सात महिलाएं झुलस गईं। जानकारी के अनुसार, ग्राम बिनिया निवासी 7 वर्षीय प्रीति ठाकुर अपने पिता शिक्षा प्रसाद ठाकुर, मां पुनीता ठाकुर, 9 वर्षीय बहन रूमा ठाकुर, रवि ठाकुर, वृक्षा प्रसाद ठाकुर और व्रत कुंवर ठाकुर के साथ खेत में धान की रोपाई कर रही थी। शनिवार शाम करीब 4:30 बजे अचानक मौसम खराब हो गया और खेत में आकाशीय बिजली गिर गई। इसकी चपेट में आने से प्रीति ठाकुर गंभीर रूप से झुलस गई, जबकि तेज झटके से रूमा ठाकुर और रवि ठाकुर खेत में गिरकर अचेत हो गए। परिजन तीनों को तत्काल अरगोती अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्रीति ठाकुर को मृत घोषित कर दिया। वहीं झुलसे रूमा ठाकुर और रवि ठाकुर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। इलाज के बाद दोनों की हालत में सुधार बताया जा रहा है। कोरिया में गाज गिरने से 7 महिलाएं झुलसी कोरिया जिले के खरवत गांव में शनिवार को खेत में धान की रोपाई के दौरान आकाशीय बिजली (गाज) गिरने से सात महिलाएं झुलस गईं। सभी घायलों को जिला अस्पताल बैकुंठपुर में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घायलों में मायावती (18), उषा पुरी (37), सुनैना राजवाड़े (17), लीलावती (28), खुशबू (16), संतोषी (28) और संतोषी शामिल हैं। जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. आयुष जायसवाल ने बताया कि सभी घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत में लगातार सुधार हो रहा है।

More From Author

हायर सेकेंडरी स्कूलों में नीट-जेईई की ऑनलाइन क्लासेस शुरू होंगी:सरगुजा कलेक्टर ने दिए निर्देश, कहा- शिक्षा गुणवत्ता में सुधार के लिए करें प्रयास

12 साल में 116 पेपर लीक, 7.5 करोड़ बच्चे प्रभावित:19 राज्यों में पेपर माफिया, निशाने पर शिक्षक-पुलिस भर्तियां; नीट से सालों का गुस्सा फूटा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *