छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में नायब तहसीलदार ने BJP विधायक पर पीटने का आरोप लगाया है। राजापुर उप तहसील के नायब तहसीलदार तुषार मानिक के अनुसार, सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों ने उनसे मारपीट की है। तुषार मानिक का कहना है कि, विधायक समर्थकों ने धक्का-मुक्की की और उनके कपड़े फाड़ दिए। आरोप है कि नायब तहसीलदार ने विधायक की चचेरी बहन की फाइल फेंकी और उन्हें ऑफिस से बाहर निकाला। इसी बात से नाराज समर्थक उग्र हो गए और विवाद हुआ। मामला सीतापुर थाना क्षेत्र का है। दोनों पक्षों ने थाने में शिकायत की, जिसके बाद सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों समेत 10 लोगों पर FIR दर्ज हुई है। वहीं, विधायक की बहन की रिपोर्ट पर नायब तहसीलदार तुषार मानिक के खिलाफ भी मामला दर्ज हुआ। पहले देखिए ये तस्वीरें- अब जानिए पूरा मामला जानकारी के अनुसार, मैनपाट की राजापुर उप तहसील में सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो की चचेरी बहन सीमा धनकी ने जमीन के शाख शोध पत्र बनवाने के लिए 14 मई को फाइल जमा किया था। आरोप है कि नायब तहसीलदार तुषार मानिक और बाबू कई दिनों से उसे काम के लिए दफ्तर के चक्कर लगवा रहे थे। बुधवार (27 मई) को भी वह अपने काम के सिलसिले में उप तहसील कार्यालय पहुंचीं थीं। फाइल फेंका, ऑफिस से भगाया तो पहुंचे विधायक समर्थक सीमा धनकी ने आरोप लगाया है कि, नायब तहसीलदार तुषार मानिक से उन्होंने फाइल पर साइन करने के लिए कहा तो वे भड़क गए और कहा कि तुम होती कौन हो? हस्ताक्षर करने के लिए कहने वाली। जाकर मैनपाट में हस्ताक्षर करा लो। इसके बाद उसे तहसील से बाहर करने के लिए भी कहा गया। इसकी जानकारी सीमा धनकी ने विधायक रामकुमार टोप्पो को दी तो विधायक के समर्थक उप तहसील पहुंच गए। विधायक पर भी मारपीट का आरोप, SDM ने किया बीच-बचाव आरोप है कि शाम करीब 6 बजे विधायक रामकुमार टोप्पो ने सीतापुर लौट चुके नायब तहसीदार को वापस राजापुर बुलाया। नायब तहसीलदार तुषार मानिक के साथ SDM फागेश सिन्हा भी राजापुर पहुंचे। नायब तहसीलदार तुषार मानिक से विधायक रामकुमार टोप्पो ने बहन से अभद्र व्यवहार करने को लेकर पूछा। तुषार मानिक ने कहा कि अभद्रता नहीं की गई है, वे तुरंत हस्ताक्षर करने के लिए कह रही थीं, उन्हें कल बुलाया गया है। तुषार मानिक ने कहा कि इतना कहते ही विधायक के समर्थकों ने उनकी पिटाई शुरू कर दी। विधायक रामकुमार टोप्पो ने उन्हें किनारे बुलाया और मारपीट की। बीच-बचाव में एसडीएम फागेश सिन्हा आए और उन्हें बचाकर बाहर निकाला। नायब तहसीलदार बोले- बहन से अभद्रता का आरोप गलत नायब तहसीलदार ने आरोप लगाया कि विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थक मारपीट के इरादे से ही आए थे। उन्होंने बहन के साथ अभद्रता का आरोप लगा मारपीट की, जबकि ऐसा नहीं हुआ है। SDM फागेश सिन्हा अपनी गाड़ी में नायब तहसीलदार को बैठाकर अंबिकापुर के लिए रवाना हो गए। घटना के बाद सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो और उनकी बहन सीतापुर थाने पहुंचे। विधायक की बहन की ओर से थाने में शिकायत की गई है। विधायक समेत 10 पर FIR इस मामले में दोनों पक्ष पर काउंटर FIR हुई है। नायब तहसीलदार की शिकायत पर सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों के खिलाफ FIR दर्ज हुई है। शासकीय काम में बाधा डालने सहित मारपीट की धारा लगाई गई है। इसमें रामकुमार टोप्पो, यूसुफ, नाजिम राजा, पंकज गुप्ता सहित 10 लोगों के खिलाफ BNS की धारा 221, 221(1),132,191(2) के तहत केस दर्ज किया गया है। वहीं, MLA की बहन की शिकायत पर नायब तहसीलदार तुषार मानिक पर भी मामला दर्ज हुआ है। कलेक्टर ने कहा- पुलिस कानूनी कार्रवाई करेगी सरगुजा कलेक्टर अजीत बसंत ने नायब तहसीलदार तुषार मानिक के साथ ही एसडीएम फागेश सिन्हा से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। कलेक्टर अजीत बसंत ने बताया कि नायब तहसीलदार ने उन्हें बताया है कि विधायक और उनके समर्थकों ने मारपीट की है। कलेक्टर से मिलने के बाद नायब तहसीलदार तुषार मानिक औ एसडीएम फागेश सिन्हा सहित अन्य राजस्व अधिकारी मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराने अंबिकापुर कोतवाली थाने पहुंचे थे। …………………….. इससे जुड़ी खबर भी पढ़ें… BJP MLA का कथित ऑडियो- भूपेश CM बनेंगे, इनको जेल भेजेंगे: कहा- सरकार ऊपर से चल रही, लोग नाखुश, रेणुका सिंह बोलीं- AI जनरेटेड छत्तीसगढ़ में साय मंत्रिमंडल में फेरबदल की चर्चाओं के बीच भरतपुर-सोनहत विधायक रेणुका सिंह के 2 कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। वायरल ऑडियो में विधायक अपनी ही सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाती और संगठन के नेताओं पर नाराजगी जाहिर कर रही हैं। पढ़ें पूरी खबर…
