सरकारी नौकरी पाने के लिए राजस्थान में 27 साल के एक लड़के राहुल ने लोक सेवा आयोग (RPSC) की वेबसाइट ही हैक कर ली। साइबर थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में खुलासा हुआ है कि राहुल कुमार ने अपने राज्य में सरकारी नौकरी पाने के लिए AI टूल्स की मदद से RPSC वेबसाइट को हैक किया था और उसमें छेड़छाड़ की थी। जांच के अनुसार उसने असिस्टेंट माइनिंग इंजीनियर भर्ती परीक्षा से जुड़े पोर्टल में घुसपैठ कर सिलेक्शन लिस्ट में हेरफेर करने का प्रयास किया। ओटीआर को बायपास करने की कोडिंग तैयार की दरअसल आरोपी राहुल का नाम प्रोविजनल वेटिंग लिस्ट में था। उसने फर्जी एसएसओ आईडी (SSO ID) और जीमेल आईडी बनाकर AI टूल्स की मदद से वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) प्रोसेस को बायपास करने की कोडिंग तैयार की। इसके बाद उसने पोर्टल पर अपने से आगे चल रहे उम्मीदवारों के फॉर्म विड्रॉ (वापस) कर दिए, ताकि वेटिंग लिस्ट में उसका नंबर ऊपर आ सके और उसका सिलेक्शन हो जाए। वेबसाइट से छेड़छाड़ का मकसद क्या था आरोपी की पहचान 27 वर्षीय राहुल कुमार के रूप में हुई है। राहुल कुमार मीणा दौसा का रहने वाला है। राहुल ने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) से माइनिंग इंजीनियरिंग में बीटेक किया है। उसके बाद SAIL में माइनिंग इंजीनियर पद पर चयन हुआ और वर्तमान में झारखंड में नौकरी कर रहा है। वह राजस्थान में नौकरी पाना चाहता था। इसलिए RPSC की असिस्टेंट माइनिंग इंजीनियर भर्ती 2024 में अपने सिलेक्शन के लिए आयोग की वेबसाइट से छेड़छाड़ की। कैसे हुआ RPSC वेबसाइट हैकिंग का खुलासा राहुल मीणा वेटिंग लिस्ट में दूसरे नंबर पर था। अगर वह सिर्फ पहले नंबर के उम्मीदवार का आवेदन निरस्त करता, तो सीधे उसी पर शक हो सकता था। इसलिए उसने इस शक से बचने के लिए वेटिंग लिस्ट में 1, 4 और 6 पर चल रहे तीनों उम्मीदवारों के आवेदन फर्जी लिंक जनरेट कर खुद ही विड्रॉ (वापस) कर दिए। संबंधित उम्मीदवारों के मोबाइल पर जब आवेदन विड्रॉ के मैसेज पहुंचे, तो मामला सामने आया। Wi‑Fi से पोर्टल पर लॉगिन किया राहुल ने AI की मदद से आरपीएससी पोटर्ल हैक किया और अपनी पहचान छिपाने के लिए कई बार VPN का इस्तेमाल किया। वह दूसरे लोगों के Wi‑Fi नेटवर्क का इस्तेमाल करके पोर्टल पर लॉगिन कर रहा था। साइबर एक्सपर्ट्स और अजमेर पुलिस की टीम ने उसके डिवाइस और आईपी एड्रेस को ट्रैक करके गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को 25 जून तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस साजिश में वह अकेला था या उसके और भी साथी इसमें शामिल थे। BHU से बीटेक, SAIL में माइनिंग इंजीनियर पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) से माइनिंग इंजीनियरिंग में बीटेक किया है। वह हाल ही में छुट्टी पर दौसा आया हुआ था। ————— ये खबर भी पढ़ें… हफ्ते की टॉप जॉब्स: SBI PO की 1500 वैकेंसी, UPSC ने निकालीं ग्रेजुएट्स की 400 भर्तियां; इस हफ्ते 6 हजार से ज्यादा नौकरियां इस हफ्ते निकली हैं DSSSB और एम्स सहित कई विभागों में 6312 पदों पर नौकरियां। अगर आप भी इन पदों के लिए अप्लाई करना चाहते हैं, तो इन 5 नौकरियों की डिटेल्ड जानकारी 5 ग्राफिक्स के जरिए जानिए। पूरी खबर यहां पढ़ें
