सचिव ने निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी:बलरामपुर में लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा की, काम में तेजी लाने के आदेश

छत्तीसगढ़ लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने बलरामपुर-रामानुजगंज जिले का दौरा कर विभागीय कामकाज की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने चल रहे निर्माण कार्यों की धीमी रफ्तार पर नाराजगी जताई। सर्किट हाउस में हुई बैठक में उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग, पुल निर्माण, सड़क और भवन निर्माण के साथ-साथ विद्युत और यांत्रिकी विभाग की विभिन्न परियोजनाओं की जानकारी ली। सभी विभागों के अधिकारियों से काम की प्रगति को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस बैठक में कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी, वनमंडलाधिकारी आलोक बाजपेई, प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सचिव बंसल ने साफ कहा कि किसी भी काम में ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और ठेकेदारों से लगातार संपर्क बनाए रखा जाए, ताकि काम समय पर पूरा हो सके। जो ठेकेदार तय समय में काम पूरा नहीं कर रहे हैं, उन्हें नोटिस देने और जरूरत पड़ने पर ब्लैकलिस्ट करने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में कई प्रमुख सड़कों जैसे बलरामपुर-रामानुजगंज-सनावल मार्ग, कामेश्वरनगर, कपिलदेवपुर, गणेशमोड़, जनकपुर, रमेशपुर-शंकरपुर, चंपा-बादा और कुसमी-कोरंधा मार्ग की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही शासकीय महाविद्यालय भवन और अन्य निर्माण कार्यों की स्थिति भी देखी गई। सचिव ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता वाले सभी निर्माण कार्य समय पर पूरे होने चाहिए और काम की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए। बैठक के बाद उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग-343 और कंठीघाट में चल रहे सड़क निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि बारिश से पहले नाली और जल निकासी से जुड़े सभी काम पूरे कर लिए जाएं, ताकि बरसात में लोगों को परेशानी न हो। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सड़क और पुल निर्माण में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए और अधूरे काम जल्द पूरे कर जनता को बेहतर यातायात सुविधा दी जाए।

More From Author

नक्सल का रास्ता छोड़ युवा बने आत्मनिर्भर:ई-रिक्शा से कमा रहे रोजी-रोटी, कलेक्टर, एसपी और डीआईजी सीआरपीएफ ने की ई-रिक्शे की सवारी

मुख्यमंत्री साय ने बिरसा मुंडा प्रतिमा का अनावरण किया:जशपुर में 37 लाख की विकास घोषणाएं, कई निर्माण कार्यों को मंजूरी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *