बिलासपुर जिले के पचपेड़ी थाना क्षेत्र में शिवनाथ नदी में मछली पकड़ने गया मछुआरा युवक तेज बहाव में बह गया। सूचना मिलने के बाद बिलासपुर, जांजगीर-चांपा और बलौदाबाजार जिले की पुलिस, एसडीआरएफ की टीम ने देर शाम तक उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार को फिर सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा। जानकारी के अनुसार, ग्राम जोंधरा निवासी सुखदेव केवट (28), पिता व्यसनारायण केवट, मछली पकड़ने और बेचने का काम करता था। गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे वह गांव के पास स्थित शिवनाथ नदी में मछली पकड़ने गया था। मछली नहीं मिलने पर वह नदी पार कर बलौदाबाजार जिले के लवन क्षेत्र की ओर चला गया। तेज बहाव की चपेट में आया इसी दौरान नदी का जलस्तर और बहाव तेज होने से वह संतुलन खो बैठा और पानी में बह गया। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। घटनास्थल तीन जिलों की सीमा से लगा होने के कारण बिलासपुर, जांजगीर-चांपा और बलौदाबाजार जिले की एसडीआरएफ टीमों को भी मौके पर बुलाया गया। देर शाम तक नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन सुखदेव का कोई पता नहीं चल सका। आज फिर करेंगे सर्च पचपेड़ी थाना प्रभारी कमला पुसाम ने बताया कि तेज बहाव के कारण गुरुवार को तलाश अभियान में काफी दिक्कत आई। शुक्रवार को एसडीआरएफ की टीम बहाव की दिशा में आगे के हिस्सों में फिर से सर्च ऑपरेशन चलाएगी।
