भारत और आयरलैंड के बीच टी-20 सीरीज का पहला मैच आज शाम 6 बजे बेलफास्ट में खेला जाएगा। इससे श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टी-20 टीम के नए दौर की शुरुआत होगी। टीम 2028 ओलिंपिक गेम्स और टी-20 वर्ल्ड कप की तैयारियां शुरू करेगी। यह सीरीज 15 साल के वैभव सूर्यवंशी के चयन के कारण भी खास है। वे 15 साल 71 दिन की उम्र में टीम इंडिया के लिए चुने गए सबसे युवा क्रिकेटर हैं। वैभव आज इंटरनेशनल डेब्यू कर सकते हैं। प्रीव्यू रिपोर्ट पढ़िए… मैच में खास वैभव का डेब्यू आसान नहीं, टॉप ऑर्डर में जगह नहीं वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग-11 में शामिल करना टीम मैनेजमेंट के लिए आसान नहीं होगा। इसके लिए किसी अनुभवी खिलाड़ी को बाहर बैठाना होगा या बल्लेबाजी क्रम बदलना पड़ेगा। भारत के मौजूदा टॉप ऑर्डर में संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन शामिल हैं। तीनों ने टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ फिफ्टी लगाई थी। संजू ने ओपनर के तौर पर 28 पारियों में 926 रन बनाए हैं, जिसमें तीन शतक और चार अर्धशतक शामिल हैं। अभिषेक ने 43 पारियों में 1414 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 192.38 है। वैभव के लिए क्या हो सकता है विकल्प? अगर वैभव को मौका देना है, तो सैमसन या अभिषेक को नीचे भेजना होगा। चौथे और 5वें नंबर पर श्रेयस अय्यर और तिलक वर्मा खेल सकते हैं। ऐसे में वैभव के लिए छठा स्थान ही बचता है। आमतौर पर छठा नंबर ऑलराउंडर के लिए रखा जाता है। भारत के पास शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर और सूर्यांश शेडगे के रूप में विकल्प हैं। इसलिए टीम संयोजन में बदलाव आसान नहीं होगा। गेंदबाजी में युवा खिलाड़ियों के पास मौका जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और वरुण चक्रवर्ती इस सीरीज का हिस्सा नहीं हैं। ऐसे में हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा और प्रिंस यादव के पास खुद को साबित करने का मौका है। प्रसिद्ध कृष्णा ने अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे वनडे में 5 विकेट लिए थे। चोट से वापसी कर रहे हर्षित राणा भी दावेदार हैं। दोनों टीमों के बीच नौवां टी-20 इंटरनेशनल भारत और आयरलैंड के बीच अब तक कुल 8 मुकाबले खेले गए हैं और सभी मैचों में भारतीय टीम ने जीत दर्ज की है। दोनों टीमों के बीच आखिरी टी-20 मुकाबला 2024 में खेला गया था। ईशान ने इस साल सबसे ज्यादा रन बनाए ईशान किशन और वरुण चक्रवर्ती इस साल भारत के टॉप परफॉर्मर रहे हैं। ईशान ने 13 मैचों में 532 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 207 का रहा है, जबकि उन्होंने 1 शतक और 4 अर्धशतक लगाए हैं। वहीं, अर्शदीप सिंह ने 12 मैचों में 17 विकेट लिए हैं। लॉरकन आयरलैंड के टॉप स्कोरर आयरलैंड के लिए इस साल लॉरकन टकर बल्लेबाजी में अहम खिलाड़ी हैं। उन्होंने 8 मैचों में 250 रन बनाए हैं। उन्होंने 1 अर्धशतक लगाया है। वहीं, गेंदबाजी में मैथ्यू हम्फ्रीज ने शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने 8 मैचों में 13 विकेट लिए हैं। मैच के दिन 84% बारिश के आसार पॉसिबल प्लेइंग-11 भारत: वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, अक्षर पटेल/वॉशिंगटन सुंदर, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और प्रसिद्ध कृष्णा। आयरलैंड: टिम टेक्टर, रॉस एडायर, हैरी टेक्टर, लॉरकन टकर (विकेटकीपर/कप्तान), गैरेथ डेलानी, स्टीफन डोहेनी, जॉर्ज डॉकरेल, बेन कैलिट्ज, मैथ्यू हम्फ्रीज, रूबेन विल्सन और गेविन होए। —————————– भारतीय क्रिकेट से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… भारत-आयरलैंड मुकाबले अब शाम 6 बजे से, विमेंस वर्ल्ड कप से क्लैश बनी वजह वैभव सूर्यवंशी को भारत-आयरलैंड टी-20 सीरीज में इंटरनेशनल डेब्यू का मौका मिल सकता है। इस बीच 26 और 28 जून को होने वाले दोनों मैचों की टाइमिंग बदल दी गई है। दोनों मुकाबले शाम 7 बजे की बजाय एक घंटा पहले 6 बजे से शुरु होंगे। आयरलैंड क्रिकेट बोर्ड ने इसकी जानकारी दी है। इस फैसले की वजह विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप से मैचों का टकराव है। पढ़ें पूरी खबर
