छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में साइड नहीं देने पर वन विभाग के एक रेंजर ने बीच सड़क अपनी कार लगाकर यात्री बस रोक दी और ड्राइवर से गाली-गलौज की। आरोप है कि रेंजर नशे की हालत में था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन रेंजर पुलिसकर्मियों से भी बहस करता रहा। इस दौरान रेंजर ने कहा, “मुझे गिरफ्तार करना है तो पहले शासन से लेटर लेकर आइए। मुझे हाथ क्यों लगा रहे हो?” पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस मामले में वन विभाग के अधिकारी वरुण जैन ने रेंजर को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। मामला देवभोग नेशनल हाईवे-130सी के इंदागांव परिक्षेत्र का है। देखिए पहले ये तस्वीरें- जानिए क्या है पूरा मामला ? जानकारी के मुताबिक रेंजर का नाम सुशील सागर है, जो कि इन्दागांव परिक्षेत्र में तैनात है। शनिवार रात 10 से 11 बजे के बीच इन्दागांव से धूरुवागुडी आ रहा था। इस दौरान शारदा ट्रेवल्स की बस रायपुर से यात्रियों को लेकर देवभोग आ रही थी। तभी कालिमाटी के पास उदंती सीतानदी अभ्यारण्य के रेंजर ने अपनी कार बस के सामने अड़ा दी और बस को रोक लिया। रेंजर बस ड्राइवर यशवंत बंजारे पर साइड नहीं देने का आरोप लगाते हुए गंदी-गंदी गालियां देना शुरू कर दिया। रेंजर के साथ मौजूद बाकी लोग भी ड्राइवर से बहस करते रहे। आरोप है कि रेंजर ने करीब आधे घंटे तक बस को सड़क पर रोके रखा। बस हटाने की बात कहने पर भी उन्होंने कार नहीं हटाई। इस दौरान बस में बैठे यात्रियों को काफी परेशानी होते रहे। पुलिस भी पहुंची मौके पर घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने रेंजर को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह उनसे भी बहस करता रहा। पुलिस उसे थाने ले जाने के लिए अपने वाहन में बैठाना चाहती थी, लेकिन रेंजर अपनी ही गाड़ी से थाने जाने की जिद पर अड़ा रहा। ड्राइवर ने थाने में दी शिकायत बस ड्राइवर यशवंत बंजारे ने बताया कि अभ्यारण्य क्षेत्र में हाईवे सिंगल लेन का है। बारिश के कारण सड़क की पटरी भी खराब है। ऐसे में सुरक्षित और चौड़ी जगह मिलने पर ही साइड दी जा सकती है। उसने कहा कि वह यात्रियों की जान जोखिम में नहीं डालना चाहता था। ड्राइवर ने 112 पर कॉल कर मदद मांगी और इंदागांव थाने में लिखित शिकायत भी दी। पुलिस कर रही जांच इंदागांव थाना प्रभारी डोमेंद सिन्हा ने बताया कि बस ड्राइवर की लिखित शिकायत मिली है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। रेंजर को जारी किया गया नोटिस उदंती सीतानदी अभ्यारण्य के डिप्टी डायरेक्टर वरुण जैन ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही रेंजर को नोटिस जारी कर दिया गया है। उनके जवाब के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। ………………. इससे जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… TI ने बीच बाजार में व्यापारी को जड़ा थप्पड़, VIDEO: धमतरी में गाड़ी नहीं रोकने पर बहस, गाली गलौज की, कहा- थाने ले जाकर मारूंगा छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में नाके पर गाड़ी नहीं रोकने पर बाजार में टीआई ने एक व्यापारी को थप्पड़ जड़ दिया। गाली-गलौज करते हुए कहा कि थाने ले जाकर मारूंगा। जिसका वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामला बोराई थाना क्षेत्र का है। पढ़ें पूरी खबर…
