रिटायर्ड SECL कर्मचारी और पत्नी को मारकर जलाया:जमीन विवाद में कुल्हाड़ी से काटा, हादसा दिखाने की कोशिश, रायगढ़ में 2 सगे भाई गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में हुए डबल मर्डर का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जमीन विवाद में बुजुर्ग दंपती की हत्या कर शवों को जला दिया गया था। आरोपियों ने पहले कुल्हाड़ी से दंपती की हत्या की, फिर घर में आग लगाकर इसे हादसा साबित करने की कोशिश की। मामला धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के क्रोंधा गांव का है। दरअसल, आरोपियों ने एक किसान से 4 एकड़ जमीन का सौदा किया था। लेकिन बुजुर्ग दंपती ने ज्यादा कीमत देकर वह जमीन खरीद ली। इससे नाराज होकर 2 सगे भाइयों ने रिटायर्ड SECL कर्मचारी और उनकी पत्नी को मार डाला। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पहले देखिए ये तस्वीरें… जानिए क्या है पूरा मामला जानकारी के मुताबिक, 15 जुलाई को ग्राम औरामुड़ा निवासी मंगल राठिया (65) और उनकी पत्नी पुनाई बाई राठिया (55) के जले हुए शव घर के अंदर मिले थे। सूचना मिलते ही धरमजयगढ़ पुलिस, एफएसएल टीम, डॉग स्क्वॉड और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए गए और पोस्टमॉर्टम के बाद अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या, साक्ष्य मिटाने और अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस डॉग ‘रूबी’ बनी अहम कड़ी घटनास्थल पर मिली हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी की गंध लेकर पुलिस डॉग रूबी सीधे संदेही श्याम लाल राठिया तक पहुंची। जांच में सामने आया कि, मृतक और आरोपी परिवार के बीच कई सालों से जमीन विवाद चल रहा था। एफएसएल रिपोर्ट, तकनीकी साक्ष्यों और गवाहों के बयान के आधार पर पुलिस ने श्याम लाल राठिया (32) और उसके भाई जीवन लाल राठिया (48) से पूछताछ की, जिसमें दोनों ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। जमीन विवाद में रची हत्या की साजिश पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि, साल 2013 में उन्होंने एक जमीन का सौदा किया था, लेकिन मंगल राठिया ने ज्यादा कीमत देकर उस जमीन को खरीद लिया। उसी पर मकान बनाकर खेती कर रहा था। इसी रंजिश के चलते 14 जुलाई की रात दोनों भाई टांगी लेकर घर पहुंचे। दरवाजा खुलते ही मंगल राठिया पर ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। शोर सुनकर बाहर आई उनकी पत्नी पुनाई बाई की भी हत्या कर दी गई। शव जलाकर हादसा दिखाने की कोशिश हत्या के बाद आरोपियों ने दोनों शवों पर कपड़े, सोफा कवर और बाकी सामान डालकर आग लगा दी। इसके बाद घर के 2 कमरों में भी आग लगा दी, ताकि हत्या को आगजनी की दुर्घटना का रूप दिया जा सके। घटना में इस्तेमाल कुल्हाड़ी छोड़कर दोनों आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर कुल्हाड़ी और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद कर जब्त कर लिए हैं। श्याम लाल राठिया और जीवन लाल राठिया दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। ……………………. इससे संबंधित यह खबर भी पढ़िए… रिटायर्ड SECL कर्मी-पत्नी की अधजली लाश मिली: रायगढ़ में घर के अंदर मिले शव, हत्या कर जलाने की आशंका, खेती के लिए गांव आए थे छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में घर के अंदर बुजुर्ग दंपती की संदिग्ध हालत में अधजली लाश मिली है। हत्या कर पति-पत्नी के शव को जलाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस, फॉरेंसिक और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी है। मामला धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र का है। पढ़ें पूरी खबर…

More From Author

छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटे भारी बारिश का अलर्ट:अब भी सामान्य से 25% कम पानी गिरा, बिजली गिरने से 2 बच्चों की मौत

रेलवे समेत कई विभागों में 12 हजार से ज्‍यादा नौकरियां:अप्रेंटिस के 6777 पद खाली, इंडियन ऑयल मे 1450 वैकेंसी, देखें हफ्ते की टॉप जॉब्‍स

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *