रायपुर समेत कई जिलों में बारिश के आसार:उत्तर छत्तीसगढ़ में 5 दिन एक्टिव रहेगा मानसून, अब तक 24% कम बरसा पानी

उत्तर छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिनों तक कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका भी है। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान सरगुजा संभाग के कई स्थानों और बस्तर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई। इस दौरान प्रदेश में सबसे अधिक 10 मिमी बारिश खरोरा में रिकॉर्ड की गई। बारिश की बात करें तो अब तक प्रदेश में सामान्य से 21% से 24% तक कम बारिश हुई है। आंकड़ों के अनुसार, इस अवधि में राज्य में 252.4 मिमी (9.9 इंच) बारिश दर्ज की गई, जबकि सामान्य तौर पर 320.6 मिमी (12.5 इंच) बारिश होनी चाहिए थी। प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस पेंड्रारोड में दर्ज किया गया। रायपुर का मौसम रायपुर में आज (13 जुलाई) दिनभर बादल छाए रह सकते हैं। गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। अगले दो दिन का पूर्वानुमान मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और अलग-अलग जगहों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना जताई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है। आधे जिले बारिश की कमी से जूझ रहे पिछले कुछ दिन हुई अच्छी बारिश के बाद छत्तीसगढ़ में मानसून की चाल धीमी पड़ गई है। 12 जुलाई तक प्रदेश में 24% कम बारिश हुई है। 32 में से 16 जिले बारिश की कमी से जूझ रहे हैं। IMD के आंकड़े बताते हैं प्रदेश के एक जिले में बहुत ज्यादा बारिश हुई है। 14 जिलों में बारिश सामान्य हुई है। जबकि 16 जिले बारिश की कमी जूझ रहे हैं। यानी प्रदेश के आधे जिले अभी भी सामान्य से कम बारिश झेल रहे हैं। सबसे ज्यादा बारिश सारंगढ़-बिलाईगढ़ में सारंगढ़-बिलाईगढ़ में में 462.5 मिमी बारिश हुई, जबकि सामान्य बारिश 265.7 मिमी होती है। यानी यहां 74% ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई। यह प्रदेश का इकलौता जिला है जो बहुत ज्यादा बारिश की श्रेणी में है। मुंगेली भी सामान्य से काफी आगे मुंगेली में 331.8 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 21% ज्यादा है। यह जिला अधिक बारिश की श्रेणी में शामिल है। वहीं बालोद (+4%), बलौदाबाजार (+9%), बलरामपुर (+6%), दंतेवाड़ा (+14%), दुर्ग (-4%), गरियाबंद (-4%), जांजगीर-चांपा (+13%) में बारिश सामान्य के आसपास बनी हुई है। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (+11%), कोरबा (-14%), महासमुंद (+8%), नारायणपुर (-10%), रायपुर (+8%), राजनांदगांव (-13%), सक्ती (+11%), बिलासपुर (-19%) में भी ठीक-ठाक बारिश हुई है। किसानों के लिए महत्वपूर्ण है यह आंकड़ा जुलाई का पहला पखवाड़ा खरीफ फसलों की बुआई का सबसे अहम समय होता है। जिन जिलों में बारिश सामान्य से काफी कम हुई है, वहां धान समेत दूसरी फसलों की बुआई और शुरुआती बढ़वार प्रभावित हो सकती है। अगर 13 से 15 जुलाई के बीच मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक अच्छी बारिश होती है तो खेतों में पर्याप्त नमी पहुंचेगी और किसानों को बड़ी राहत मिल सकती है।

More From Author

महिला थाने के पास निर्माणाधीन कांग्रेस-भवन में नाबालिग से रेप:3 दिन तक दरिंदगी,लोगों ने युवक को पकड़कर लात-घूंसों से पीटा, पीड़िता से पिटवाया,पैर पकड़वाए

गर्लफ्रेंड की हत्या कर भिलाई के इंजीनियर ने किया सुसाइड:रेलवे-ट्रैक पर 2 टुकड़ों में मिला शव; पिता बोले-लड़की ने धमकी दी, बेटा हत्यारा नहीं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *