रायपुर में बीएड छात्रा की उसके लिव-इन पार्टनर ने मारपीट के बाद गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी युवती को मेकाहारा (अंबेडकर अस्पताल) लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवती की मौत की जानकारी मिलते ही आरोपी मौके से फरार हो गया। घरवालों ने आरोपी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस के मुताबिक मृतका की पहचान भारती नेताम और आरोपी की पहचान सावंत बघेल के रूप में हुई है। मामला मुजगहन थाना के बोरियाकला स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी का है। वहीं खमतराई थाना क्षेत्र के WRS कॉलोनी के तालाब में मिली युवती की लाश की गुत्थी भी पुलिस ने सुलझा ली है। मृतका की पहचान टिकरापारा निवासी नंदनी जैन के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि युवती की हत्या उसके प्रेमी करण तांडी ने की थी। युवक को शक था कि नंदनी का किसी दूसरे युवक से अफेयर है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और उसने नंदनी की हत्या कर दी। शव तालाब में फेंककर फरार हो गया। पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी को हिरासत में ले लिया है। केस-1, गर्लफ्रेंड को लिव इन पार्टनर अस्पताल में छोड़कर भागा मुजगहन पुलिस के अनुसार, कांकेर जिले के ग्राम कोकपुर की रहने वाली भारती नेताम रायपुर के विकास महाविद्यालय में बीएड की पढ़ाई कर रही थी। वह पिछले 6-7 महीने से कोंडागांव के सावंत बघेल के साथ बोरियाकला में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। सावंत डीएलएड का छात्र है। भारती की बहन ने पुलिस को बताया कि सावंत अक्सर भारती पर शक करता था और उसके साथ मारपीट भी करता था। 4 अगस्त की रात भारती ने फोन कर अपनी बहन को बताया था कि सावंत ने उसके साथ मारपीट की है और वह वापस अपने गांव कोकपुर आना चाहती है। बहन ने उसकी मदद के लिए किराए और अन्य खर्च के लिए 3 हजार रुपए ऑनलाइन भेजे थे। लेकिन भारती गांव लौट पाती, उससे पहले ही आरोपी ने उसे मौत के घाट उतार दिया। गले और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान 5 अगस्त को जब परिजन मेकाहारा पहुंचे तो उन्होंने भारती का शव स्ट्रेचर पर पड़ा देखा। परिजनों के मुताबिक, उसके बाई आंख के पास, कनपटी पर चोट और खरोंच के निशान थे। वहीं गर्दन के पीछे और ठोड़ी पर भी चोट के निशान दिखाई दे रहे थे। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। मेकाहारा में लाश छोड़कर भागे आरोपी सावंत बघेल को हिरासत में लिया गया है। मुजगहन निरीक्षक अमित कौशिक ने इसकी पुष्टि की है। केस-2, खमतराई हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझाई खमतराई थाना क्षेत्र के WRS कॉलोनी स्थित तालाब में मिली युवती की लाश की गुत्थी रायपुर पुलिस ने सुलझा ली है। मृतका की पहचान टिकरापारा निवासी नंदनी जैन के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि युवती की हत्या उसके प्रेमी करण तांडी ने की थी। पुलिस के मुताबिक, दोनों की तीन साल पहले इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। पिछले कुछ समय से दोनों के बीच बेवफाई के शक को लेकर लगातार विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन भी दोनों की मुलाकात हुई, जहां कहासुनी इतनी बढ़ गई कि आरोपी ने गला दबाकर नंदनी की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की नीयत से शव को WRS कॉलोनी के तालाब में फेंक दिया और फरार हो गया। हालांकि, शव की पहचान होने के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। दोनों मामलों का खुलासा पुलिस कर सकती है। …………………… क्राइम से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… गर्लफ्रेंड को परेशान करने पर जिंदा दफनाया:रायपुर में पाकिस्तानी मूल के युवक का मर्डर, सांस नली में मिट्टी फंसने से मौत, 5 अरेस्ट रायपुर में बॉयफ्रेंड ने उसकी प्रेमिका को परेशान करने वाले युवक को जिंदा जमीन में दफना दिया। लकड़ी से हमला करने पर युवक बेहोश हो गया था। आरोपी उसी हालत में युवक को माना से अभनपुर ऑटो में लेकर गए, जहां खदान में जमीन खोदकर दफना दिया। घटना के 5 दिन बाद उसकी लाश मिली थी। पढ़ें पूरी खबर…
