राजधानी रायपुर में सड़क हादसों पर रोक लगाने के लिए यातायात पुलिस का ड्रंक एंड ड्राइव अभियान लगातार जारी है। बुधवार रात चलाए गए अभियान के दौरान 39 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़े गए। सभी के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।यातायात पुलिस के मुताबिक, इस वर्ष अब तक नशे में वाहन चलाने वाले 3,633 चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। सहायक पुलिस आयुक्त की मॉनीटरिंग पर एक्शन यातायात पुलिस ने 1 जुलाई की रात सहायक पुलिस आयुक्त सतीश कुमार ठाकुर के नेतृत्व में शहर के नौ प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान आधुनिक ब्रीथ एनालाइजर मशीनों से वाहन चालकों की जांच की गई। जांच में 27 कार चालक, 3 पिकअप चालक, 7 ट्रक-मेटाडोर चालक और 2 दोपहिया चालक शराब के नशे में वाहन चलाते मिले। सभी वाहनों को रोककर नियमानुसार चालानी और वैधानिक कार्रवाई की गई। शराब पीकर गाड़ी ना चलाने की अपील पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि शराब या किसी भी नशीले पदार्थ का सेवन करने के बाद वाहन बिल्कुल न चलाएं। ऐसी स्थिति में सार्वजनिक परिवहन, टैक्सी या परिवार के किसी सदस्य की मदद लें। यातायात नियमों का पालन कर न केवल अपनी, बल्कि अन्य लोगों की जान भी सुरक्षित रखी जा सकती है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
