रायपुर के आरंग थानाक्षेत्र स्थित ग्राम पारागांव के श्मशान घाट स्थित महानदी तट पर लहूलुहान हालत में मिली महिला की लाश के मामले का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में महिला के प्रेमी सोनू सरदार उर्फ अवतार सिंह (37) को रायपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पूछताछ में चरित्र शंका के चलते हत्या करना स्वीकार कर लिया है। 13 जुलाई को मिला था शव पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई 2026 को महानदी तट पर रूकमणी सोनवानी का शव बरामद हुआ था। शव पर जांघ, कूल्हे, हाथ और पैरों में गंभीर चोटों के निशान थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि मृतका का पिछले 6-7 वर्षों से पंजाब निवासी और वर्तमान में ग्राम मुढीपार, थाना पिथौरा में रहने वाले सोनू सरदार उर्फ अवतार सिंह के साथ प्रेम संबंध था। पुलिस के मुताबिक, 12 जुलाई की रात करीब 9:30 बजे आरोपी ने रूकमणी को किसी अन्य पुरुष के साथ देख लिया। इससे वह भड़क गया और चरित्र पर संदेह करते हुए पहले गाली-गलौज की, फिर धारदार कड़े और हाथ-मुक्कों से बेरहमी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। बॉडी को श्मशान घाट में फेंककर हुआ था फरार हत्या के बाद आरोपी शव को महानदी तट स्थित श्मशान घाट के पास फेंककर फरार हो गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी का पीछा करते हुए उसे रायपुर से हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है। 15 जुलाई 2026 को उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है।
