रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर बुधवार सुबह करीब 8.30 से 9 बजे के बीच दिल्ली से रायपुर आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट बर्ड हिट का शिकार हो गई। रनवे पर उतरते समय अचानक एक पक्षी फ्लाइट से टकरा गया। जिससे एयरपोर्ट परिसर में कुछ देर के लिए हड़कंप की स्थिति बन गई। बाकी उड़ानें 2 घंटे लेट हुईं। घटना के तुरंत बाद एयरपोर्ट प्रबंधन और तकनीकी टीम सक्रिय हो गई। विमान की सुरक्षा जांच के लिए विशेषज्ञों की टीम ने तत्काल जांच की। राहत की बात यह रही है कि, पक्षी टकराने से विमान को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। फ्लाइट में सवार सभी यात्री और क्रू मेंबर पूरी तरह सुरक्षित हैं।
लैंडिंग के दौरान हुई घटना जानकारी के मुताबिक, यह विमान दिल्ली से रायपुर पहुंचा था। लैंडिंग के दौरान हुई इस घटना के बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) और एयरपोर्ट अथॉरिटी ने सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत जरूरी कदम उठाए। विमान को सुरक्षित तरीके से पार्किंग एरिया पर ले जाया गया, जहां उसकी तकनीकी जांच की गई।
रनवे और विमान की जांच के कारण उड़ानें प्रभावित बर्ड हिट की घटना के बाद सुरक्षा को देखते हुए रनवे और विमान की जांच की गई। तकनीकी टीम की अनुमति मिलने तक कुछ समय के लिए उड़ानों के संचालन पर असर पड़ा। इसके चलते रायपुर एयरपोर्ट से रवाना होने वाली कई फ्लाइटें करीब दो घंटे की देरी से उड़ान भर सकीं। देरी के कारण यात्रियों को एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा। हालांकि, अधिकारियों ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जांच प्रक्रिया पूरी की। एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार, किसी भी यात्री को परेशानी न हो, इसके लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं की गईं।
