बीजापुर-गीदम-जगदलपुर मार्ग पर चलने वाली एक यात्री बस में आदिवासी दंपती के साथ बदसलूकी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बस का कंडक्टर दंपती से ऊंची आवाज में बात करते हुए दिखाई दे रहा है। साथ ही वह युवक का हाथ पकड़कर बस से नीचे उतरने के लिए कहता नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि वीडियो वायरल होने के बाद मालिक ने कंडक्टर को काम से निकाल दिया है। मामला सोमवार 13 जुलाई का है। जानकारी के मुताबिक, विश्वनाथ कंपनी की बस दंतेवाड़ा से जगदलपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान बस्तर जिले के किलेपाल के पास से एक आदिवासी दंपती बस पर सवार हुए। दोनों को कोड़ेनार के पास उतरना था। वहां तक का किराया प्रति व्यक्ति 10 रुपए, यानी दोनों का कुल 20 रुपए था। 20 रुपए था किराया, युवक ने 500 का नोट दिया बताया जा रहा है कि, किराया देने के दौरान युवक ने कंडक्टर को 500 रुपए का नोट दिया। कंडक्टर के पास पर्याप्त चिल्लर नहीं था। कंडक्टर का दावा है कि उसके पास 470 रुपए ही थे और उसने युवक से 10 रुपए अतिरिक्त देने की बात कही थी, लेकिन युवक इसके लिए तैयार नहीं हुआ। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। बस में बैठे एक यात्री ने वीडियो बना लिया वायरल वीडियो में कंडक्टर दंपती से बहस करते हुए दिखाई देता है। बस में मौजूद एक यात्री ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने आदिवासी दंपती के साथ हुए व्यवहार पर नाराजगी जताई। कंडक्टर बोला- माफी मांगता हूं इस मामले में कंडक्टर ने दैनिक भास्कर से बातचीत में कहा कि, उसके पास चिल्लर नहीं थी और इसी वजह से विवाद हुआ। उसने स्वीकार किया कि उससे गलती हुई और उसने ऊंची आवाज में बात की। कंडक्टर का कहना है कि युवक ने भी उसे गाली दी थी, जिससे विवाद बढ़ गया। उसने कहा कि यदि उसके व्यवहार से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो वह इसके लिए माफी मांगता है। मालिक ने काम से निकला वहीं, वीडियो वायरल होने के बाद बस मालिक ने भी कार्रवाई की है। जानकारी के अनुसार, जब यह वीडियो बस मालिक तक पहुंचा तो उन्होंने कंडक्टर के व्यवहार को गलत मानते हुए उसे काम से निकाल दिया।
