सावन की शुरुआत से एक दिन पहले ही जिले में मानसून मेहरबान हो गया। बीते नौ घंटे में 70.8 मिमी बारिश दर्ज हुई। खेतों में पानी भर गया। धान की रोपाई में जुटे किसानों के चेहरे खिल उठे। बस्तर संभाग में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश भारत का नियाग्रा कहे जाने वाले चित्रकोट जलप्रपात में जलधाराएं प्रचंड वेग से बह रही हैं। इस नजारे को देखने के लिए दूर-दराज के इलाकों से सैलानी पहुंच रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले 72 घंटे तक बस्तर संभाग में अच्छी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। हालांकि गुरुवार को बारिश की तीव्रता कुछ कम रह सकती है। इसके बाद बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी मिलने और मानसूनी तंत्र के सक्रिय रहने से फिर तेज बारिश के संकेत हैं। जिले में मंगलवार से शुरू हुई बारिश बुधवार देर शाम तक लगातार जारी रही। इसने पूरे क्षेत्र को तरबतर कर दिया।
