छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने राम मंदिर ट्रस्ट में कथित अनियमितताओं को लेकर कहा कि, राम मंदिर निर्माण और चढ़ावे में गड़बड़ियां हुईं, यहां तक भगवान राम और भगवान झूलेलाल दोनों को ठगा गया। हर फैसला प्रधानमंत्री लेते हैं, अब वो चुप क्यों हैं? बीजेपी नेता विनय कटियार ने धीरेंद्र शास्त्री को चोर कह दिया था। जिस पर उन्होंने कहा कि, धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर सबसे पहले सवाल मैंने ही उठाए थे। अब धीरेंद्र शास्त्री खुद कह रहे हैं कि उन्हें डर लग रहा है, जबकि एक सच्चा साधु कभी भयभीत नहीं होता और न ही किसी से डरने की बात करता है। पंजाब रवाना होने से पहले रायपुर एयरपोर्ट पर बघेल ने यह बयान दिया है। भगवान राम और भगवान झूलेलाल दोनों को ठगने का काम हुआ राम मंदिर चंदा चोरी को लेकर भूपेश बघेल ने कहा कि, यह मामला नया नहीं है। शिलापूजन के समय से ही गड़बड़ियां शुरू हो गई थीं। जमीन खरीदी से लेकर मंदिर निर्माण तक भ्रष्टाचार हुआ और निर्माण में 40 प्रतिशत कमीशन लिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सिंधी समाज की तरफ से भगवान झूलेलाल की प्रतिमा के साथ दी गई 200 किलो चांदी का भी कोई हिसाब नहीं है। साथ ही एक आईएएस अधिकारी की ओर से भेंट की गई सोने की रामायण भी गायब हो गई। उन्होंने कहा कि, इस मामले में भगवान राम और भगवान झूलेलाल दोनों को ठगने का काम हुआ है। हर फैसला प्रधानमंत्री लेते हैं, अब चुप क्यों हैं? भूपेश बघेल ने कहा कि, अमित शाह को भी इसकी जानकारी है, इसलिए वे राम मंदिर नहीं गए। न वे शिलान्यास में गए, न उद्घाटन में गए। जब शिलान्यास प्रधानमंत्री कर रहे हैं, उद्घाटन प्रधानमंत्री कर रहे हैं, ध्वजारोहण प्रधानमंत्री कर रहे हैं, कौन-कौन ट्रस्ट का सदस्य रहेगा, यह भी प्रधानमंत्री ही तय कर रहे हैं। फिर वे आज चुप क्यों हैं? पहले कहते थे कि मनमोहन सिंह मौन प्रधानमंत्री हैं, लेकिन अब उनकी खुद की बोलती क्यों बंद हो गई है? प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं कि उनका 56 इंच का सीना है, तो उन्हें सामने आकर कहना चाहिए कि हां, गलती हुई है। मेरे कारण यह लूट हो रही है। मैंने गलत लोगों का चयन किया। शहर में नाव चलाने की नौबत- भूपेश छत्तीसगढ़ के अलग अलग जिलों में रहवासी इलाकों में जलभराव को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि, जिन शहरों में पानी भर रहा है, वहां के महापौरों की जवाबदेही तय होनी चाहिए। साथ ही डिप्टी सीएम अरुण साव को अपने महापौर के साथ खुद मैदान में उतरना चाहिए और स्थिति का जायजा लेना चाहिए। बघेल ने कहा कि प्रदेश में ट्रिपल इंजन की सरकार है, लेकिन लोग के घरों से लेकर नेशनल हाईवे पर भी पानी भरा हुआ है। अगर कुछ दिन और यही हाल रहा तो शहर में नाव चलानी पड़ेगी। 5 दिन के पंजाब दौरे पर रवाना हुए भूपेश पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिए पांच दिन के दौरे पर रवाना हुए। रायपुर से रवाना होने से पहले उन्होंने कहा कि पंजाब में चुनावी प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। विभिन्न समितियों का गठन किया जा चुका है और अब संगठन को मजबूत करने के साथ चुनावी रणनीति पर काम किया जाएगा। भूपेश ने कहा कि, मैं पांच दिन के लिए पंजाब जा रहा हूं। वहां कमेटियों की घोषणा हो चुकी है। अब संगठन के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा करेंगे।
