पत्नी ने स्कूल मालिक पति को सांप से डसवाकर मारा:आधी रात बिस्तर पर सांप छोड़ा, लव-मैरिज की थी; मेरठ में वैन ड्राइवर के प्यार में हत्या

मेरठ में स्कूल संचालक पति को पत्नी ने सांप से डसवाकर मरवा दिया। उसने शादीशुदा वैन ड्राइवर प्रेमी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। पहले पति को दूध में नींद की गोलियां मिलाकर पिला दीं। फिर रात 2 बजे प्रेमी और सपेरों को बुलाकर बिस्तर पर करैत सांप छोड़ दिया। यह देश के 4 सबसे जहरीले सांपों में आता है। वारदात के बाद पत्नी ने प्रेमी को वहां से भगा दिया और खुद दूसरे कमरे में सोने चली गई। शुक्रवार सुबह 6 बजे पत्नी कमरे में पहुंची और चीखने लगी। उसने परिजनों से कहा कि अतुल कुमार (32) को सांप ने काट लिया है। कमरे में सांप मौजूद था और अतुल के पैर पर डसने के निशान भी थे। इसे देखकर परिजनों को लगा कि उनकी मौत सांप के डसने से हुई है। मामला तब पलटा, जब पूछताछ में पत्नी दामिनी (30) ने बताया कि उसे गर्मी लग रही थी, इसलिए वह बेटे के साथ कमरे से बाहर सोने चली गई थी। उसके इस बयान पर परिजनों को शक हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने दामिनी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कॉल डिटेल खंगालने पर वैन ड्राइवर तुषार पायला से उसकी लगातार बातचीत सामने आई। तुषार को पकड़ा गया तो उसने पूरी साजिश कबूल कर ली। उसने बताया कि अतुल उनके रिश्ते में रोड़ा बन रहा था। अतुल ने 20 लाख रुपए का बीमा भी कराया था। हत्या के बाद बीमा की रकम लेकर दोनों नई जिंदगी शुरू करना चाहते थे। इसलिए दोनों ने 5 लाख रुपए में दो सपेरों को तैयार किया और अतुल को करैत सांप से डसवा दिया। मामला हस्तिनापुर थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने पत्नी, उसके प्रेमी और दोनों सपेरों को जेल भेज दिया है। मीडियाकर्मियों ने उससे बात करने की कोशिश की, लेकिन वह बिना कुछ बोले चली गई। 3 तस्वीरें देखिए- 7 साल पहले लव मैरिज की, फिर परिवार से अलग रहने लगे अतुल कुमार जिला मुख्यालय से 30 किमी भंडोरा गांव के रहने वाले थे। वह तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। पिता अजब सिंह (72) खेती-किसानी करते हैं, जबकि मां संतोष देवी (69) गृहिणी हैं। बड़े भाई कुलदीप सेना से रिटायर हैं और पत्नी-बच्चों के साथ बहसूमा में रहते हैं। दूसरे भाई मनदीप ने चार साल पहले फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। वहीं, दामिनी ने डबल एमए (M.A.) और बीएड (B.Ed.) किया है। उसके माता-पिता की मौत हो चुकी है। 7 साल पहले अतुल ने परिवार के खिलाफ जाकर दामिनी से लव मैरिज की थी। पहले वह एक कंप्यूटर कंपनी में प्राइवेट नौकरी करते थे। चार साल पहले नौकरी छोड़कर उन्होंने कृष्ण किड्स प्ले स्कूल खोला, जिसे वह पत्नी के साथ मिलकर चलाते थे। स्कूल में नर्सरी से कक्षा 5 तक की पढ़ाई होती है और करीब 150 बच्चे पढ़ते हैं। अतुल के पिता अजब सिंह ने बताया कि दामिनी की परिवार से नहीं बनती थी। उसने कहा था कि किसी पुरोहित ने चार साल तक परिवार से अलग रहने की सलाह दी है। इसके बाद अतुल हस्तिनापुर में किराए के मकान में पत्नी दामिनी (30) और 6 साल के बेटे के साथ रहने लगे। सांप से डसवाने से पहले कार से टक्कर भी मरवाई थी पुलिस के मुताबिक, दो साल पहले तुषार ने अतुल के स्कूल में 10 हजार रुपए पर वैन ड्राइवर की नौकरी शुरू की। इसी दौरान उसकी दामिनी से नजदीकियां बढ़ गईं और दोनों के बीच अफेयर शुरू हो गया। दोनों शादी करना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने अतुल को रास्ते से हटाने और 20 लाख रुपए की बीमा राशि हासिल करने की साजिश रची। योजना थी कि हत्या के बाद तुषार अपनी पत्नी को तलाक देगा और दोनों नई जिंदगी शुरू करेंगे। जांच में पता चला कि दामिनी पिछले एक साल से पति की हत्या की साजिश रच रही थी। कुछ दिन पहले अतुल को एक अर्टिगा कार से टक्कर भी मारी गई थी, लेकिन दामिनी ने उस मामले में मुकदमा दर्ज कराने से मना कर दिया। पुलिस के अनुसार, वह लंबे समय से अतुल के खाने में नशीली गोलियां भी मिला रही थी। अतुल को इस बात का शक हो गया था। उन्होंने अपनी मां से भी इसकी शिकायत की थी। इसी वजह से उनकी तबीयत कई बार बिगड़ी और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। अतुल-दामिनी की शादी की 3 तस्वीरें देखिए साजिशें नाकाम हुईं तो सांप से डसवाया पुलिस के मुताबिक, पहले की कोशिशें नाकाम होने पर दामिनी और तुषार ने सांप से डसवाकर हत्या की साजिश रची। तुषार दामिनी को अपने सपेरे दोस्त सोनू और उदय के पास ले गया। दोनों सपेरों से 5 लाख रुपए में डील तय हुई। गुरुवार को दामिनी और तुषार ने बाजार से नींद की गोलियां खरीदीं और अतुल के खाने में मिला दीं। रात में अतुल के सोने के बाद तुषार ने सोनू और उदय को बुलाया। उन्होंने जहरीले सांप से अतुल को डसवाया और सांप को कमरे में छोड़कर चले गए। शुक्रवार सुबह अतुल मृत मिले। दामिनी ने परिजनों से कहा कि गर्मी के कारण वह बेटे के साथ दूसरे कमरे में सो गई थी। सुबह चाय लेकर कमरे में पहुंची तो अतुल अचेत पड़े मिले। प्रेमी के मोबाइल में मिली सांप की फोटो, सख्ती पर कबूला जुर्म एसएसपी अविनाश पांडेय ने बताया कि शुरुआत से ही दामिनी सांप के काटने से मौत होने की बात कह रही थी। हालांकि, सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ में उसके और स्कूल के वैन ड्राइवर तुषार पायला के अफेयर का पता चला। तुषार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसके मोबाइल में डिब्बे में बंद सांप की फोटो मिली, जो घटनास्थल पर मिले सांप से मेल खाती थी। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने दो सपेरों की मदद से सांप खरीदकर हत्या की साजिश रचने की बात कबूल कर ली। जिस करैत सांप से डसवाया, उसके बार में जानिए ————————- ये खबर भी पढ़ें लड़की से पूछा- शादी करोगी, मना करते ही गोली मारी:चिल्लाते हुए भागा- किसी और की नहीं होने दूंगा; मेरठ में बीच सड़क वारदात मेरठ में सिरफिरे आशिक ने एकतरफा प्यार में बीच सड़क 24 साल की लड़की को गोली मार दी। गुरुवार रात 11 बजे आरोपी ने सहेली के साथ लड़की को रोका। उससे पूछा- मुझसे शादी कर लो। लड़की ने मना किया तो बंदूक निकाल ली। फायर कर दिया। पढ़ें पूरी खबर…

More From Author

सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव गिरा:14:30 घंटे चली चर्चा, CM बोले- अगली बार 70+ सीटें; भूपेश बोले- अदृश्य शक्ति चला रही सरकार

E20 पेट्रोल से इंजन खराब, डॉक्टर बोले- लड़ाई लड़ेंगे:कहा- रास्ते में बंद हो जाती थी कार,16 महीने से शोरूम में खड़ी, EMI भर रहा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *