नाबालिग ने जादू-टोना के शक में बुजुर्ग-महिला पर किया हमला:कटघोरा के लखनपुर में फरसे से वार, महिला की हालत गंभीर, पुलिस जांच में जुटी

कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र के लखनपुर गांव में सोमवार को एक नाबालिग ने जादू-टोना के शक में पड़ोस में रहने वाली एक बुजुर्ग महिला पर फरसे से हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका उपचार जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी नाबालिग पिछले दो साल से मानसिक रूप से बीमार है और नशे का आदी भी बताया जा रहा है। सोमवार को उसने गांव की भरतीन बाई पर चारा काटने वाले फरसे से कई वार किए। आरोपी को शक था कि भरतीन बाई ने उस पर जादू-टोना किया है। हमले की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल 112 पर घटना की सूचना दी। एंबुलेंस से घायल महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया। डॉक्टरों के मुताबिक, महिला के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं और काफी खून बह गया है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना मिलने पर कटघोरा पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी नाबालिग को हिरासत में ले लिया। आरोपी के पिता ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा दो साल से मानसिक बीमारी और नशे की गिरफ्त में है। उन्होंने कई बार उसका इलाज भी कराया, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है। कटघोरा थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी ने बताया कि आरोपी ने गांव की भरतीन बाई पर धारदार हथियार से हमला किया है। आरोपी नाबालिग है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी को शक था कि महिला ने उस पर टोना-जादू किया है, इसी वजह से उसने हमला किया। मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

More From Author

सूरजपुर में केंद्रीय विद्यालय में पहले दिन अव्यवस्थाएं:पेयजल, शौचालय की कमी पर अभिभावकों का आक्रोश, कलेक्टर से की शिकायत

चोरी के शक में युवक की पिटाई से मौत:मनेन्द्रगढ़ में तीन आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *