धमतरी के कोलियारी गांव में मकान खाली करने का नोटिस:ग्रामीणों का विरोध, विधायक ओंकार साहू ने 50 मकानों को न तोड़ने का आश्वासन दिया

धमतरी विधानसभा के कोलियारी गांव में मकान खाली करने के नोटिस चस्पा किए जाने के बाद ग्रामीणों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन द्वारा लगभग 50 मकानों को खाली करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। सूचना मिलने पर धमतरी विधायक ओंकार साहू शुक्रवार शाम को कोलियारी गांव पहुंचे। उन्होंने नोटिस प्राप्त करने वाले ग्रामीणों से चर्चा की और उन्हें आश्वासन दिया कि किसी भी घर को नहीं तोड़ा जाएगा। विधायक ने मौके पर ही अधिकारियों से फोन पर बात कर स्थिति की जानकारी ली। ग्रामीण मनीषा लक्ष सोनकर ने बताया कि नोटिस में खसरा नंबर का उल्लेख करते हुए मकान तोड़ने और उस स्थान पर हॉस्टल बनाने की बात कही गई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि यह जमीन निजी संस्थानों को दे दी जाती है, तो गांव के लिए कोई भूमि नहीं बचेगी। उन्होंने यह भी बताया कि वे कई वर्षों से यहां रह रहे हैं और गांव में अधिकांश गरीब वर्ग के लोग हैं, जिन्होंने अपने घरों को बड़ी मुश्किल से बनाया है। कोलियारी गांव में जमीन को लेकर विवाद ग्रामीणों ने चिंता जताई है कि गांव में पहले से ही सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए पर्याप्त जमीन नहीं बची है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि फिर निजी संस्थानों को हॉस्टल बनाने के लिए जमीन कैसे दी जा सकती है। ग्रामीण महिला कीर्ति साहू ने इस मामले को लेकर नकटी गांव जैसी स्थिति बनने की आशंका भी जताई है, जहां पहले इस तरह के विवाद सामने आ चुके हैं। हालांकि, विधायक ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया है कि कोलियारी गांव में ऐसी कोई स्थिति नहीं बनने दी जाएगी। विधायक ओंकार साहू ने पुष्टि की कि तहसील कार्यालय से कोलियारी गांव के घरों के सामने नोटिस चस्पा किए गए हैं, जिनमें खसरा नंबर के तहत जमीन खाली करने और ऐसा न करने पर कार्रवाई की बात कही गई है। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि वे उनके साथ खड़े हैं और किसी भी मकान को क्षति नहीं पहुंचने देंगे। विधायक ने संबंधित अधिकारियों से भी चर्चा की, जिन्होंने भी मकानों को कोई नुकसान न पहुंचाने की बात कही है। विधायक ने स्पष्ट किया कि मकानों को तोड़ा नहीं जाएगा और वे ग्रामीणों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलेंगे।

More From Author

बॉयफ्रेंड को पैसों की जरूरत पड़ी तो गर्लफ्रेंड बनी चोर:2 साल से जिस घर में रही, वहीं से उड़ाए 24 हजार रुपए; दोनों गिरफ्तार

ABVP पदाधिकारियों ने MLA मूणत के सामने की नारेबाजी:शाला-प्रवेशोत्सव के दौरान भिड़े, पुलिसकर्मियों पर फायर-एक्सटिंग्विशर फेंका; पूर्व मंत्री से बोले आपसे मिलने नहीं आए

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *