देहरादून के बन्नू स्कूल ग्राउंड में कांग्रेस का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम शुरू हो चुका है। मूसलाधार बारिश के बावजूद करीब 8 से 10 हजार छात्र-युवा कार्यक्रम स्थल पर मौजूद हैं। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भीषण जाम में करीब 30 मिनट फंसने के बाद कार्यक्रम स्थल पहुंचे। मंच से युवाओं को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने मीडिया पर निशाना साधते हुए कहा कि मीडिया शादी और चीते की बात करेगी, लेकिन पेपर लीक जैसे युवाओं के मुद्दों पर चर्चा नहीं करेगी। कार्यक्रम की सबसे खास बात यह है कि राहुल गांधी के अलावा मुख्य मंच पर कोई भी कांग्रेस नेता या कार्यकर्ता मौजूद नहीं रहेगा। वरिष्ठ नेताओं के लिए मुख्य मंच के बगल में अलग व्यवस्था की गई है। राहुल गांधी के पहुंचने से पहले गणेश गोदियाल समेत प्रदेश कांग्रेस के कई नेता हिंदी गानों पर झूमते और डांस करते नजर आए। प्रसिद्ध रैपर डकैत की प्रस्तुति ने भी कार्यक्रम में मौजूद युवाओं का उत्साह बढ़ाया। उधर, राहुल गांधी के दौरे को लेकर दोपहर में भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम स्थल के बाहर जमकर हंगामा किया। इस दौरान ‘राहुल वापस जाओ’ के नारे लगाए गए, जिसके बाद पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। तस्वीरें देखिए- राहुल गांधी से जुड़े पल-पल के अपडेट्स के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…
