दुर्ग में आइसक्रीम पार्लर की आड़ में देह व्यापार चलाए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने एसीसीयू (ACCU) और कोतवाली टीम के साथ मिलकर एक परिसर में छापा मारकर इस रैकेट का खुलासा किया। मौके से तीन युवतियां और तीन ग्राहक पकड़े गए हैं, जिनसे पूछताछ जारी है। यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पहले देखिए तस्वीरें अब जानिए पूरा मामला जानकारी के मुताबिक, पुलिस की टीम रविवार दोपहर करीब 3 बजे तीन वाहनों में मौके पर पहुंची। इसके बाद परिसर को घेरकर अंदर जांच शुरू की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दस्तावेजों की जांच की और मौके से अन्य सबूत भी जुटाए। देर शाम तक पुलिस की कार्रवाई जारी रही। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस भवन में कार्रवाई हुई, उसके नीचे मिठाई दुकान और आइसक्रीम पार्लर संचालित होती थी, जबकि ऊपर बने लॉज में देह व्यापार का कारोबार चलाया जा रहा था। पुलिस इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। पुलिस ने मौके से दुकान संचालक को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। इसके अलावा अंदर मौजूद तीन युवतियों और तीन ग्राहकों से भी अलग-अलग पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस कारोबार का संचालन कब से हो रहा था और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका थी। केवल चुने हुए ग्राहकों को ही एंट्री लॉज में हर किसी को प्रवेश नहीं दिया जाता था। केवल उन्हीं लोगों को अंदर आने दिया जाता था, जिनका मोबाइल नंबर पहले से दर्ज या सेव रहता था। इससे आशंका जताई जा रही है कि पूरा काम सुनियोजित तरीके से संचालित किया जा रहा था। हालांकि, इस संबंध में पुलिस ने अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मौके से कुछ आपत्तिजनक सामग्री मिलने की भी जानकारी सामने आई है। पुलिस ने इन्हें जब्त कर लिया है और जांच के लिए सुरक्षित रखा है। बरामद दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल कोतवाली पुलिस और एसीसीयू की टीम पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। आरोपियों के खिलाफ पीटा एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा और आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी।
