दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए BJP ने पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा की जगह आशुतोष तिवारी को प्रत्याशी बनाया है। टिकट की घोषणा के बाद भाजपा में बगावत शुरू हो गई। नरोत्तम मिश्रा के समर्थक और व्यापारी और महिलाएं सड़कों पर उतर आए। महिलाओं ने सड़क पर लेटकर विरोध जताया। आशुतोष तिवारी के खिलाफ नारेबाजी की। उधर, उपचुनाव की घोषणा के बाद से नरोत्तम मिश्रा लगातार चुनावी तैयारियों में जुटे थे। वे जनसभाएं कर अपनी पुरानी गलतियों के लिए माफी मांग रहे थे। उन्होंने बुधवार को नामांकन फॉर्म भी खरीद लिया था। हालांकि, पार्टी ने उनका टिकट काट दिया। अब तक 13 लोगों ने नामांकन फॉर्म खरीदे हैं, जिनमें से 4 उम्मीदवार नामांकन दाखिल कर चुके हैं। आशुतोष तिवारी बोले- नरोत्तम जी हमारे अभिभावक दैनिक भास्कर से बातचीत में भाजपा उम्मीदवार आशुतोष तिवारी ने कहा कि पार्टी ने एक सामान्य कार्यकर्ता के रूप में जो जिम्मेदारी दी है, उसका वे पूरी निष्ठा से पालन करेंगे। उन्होंने कहा कि पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा उनके अभिभावक हैं। उनका आशीर्वाद उनके साथ है। उन्होंने फोन कर बधाई भी दी है। ग्वालियर-झांसी हाईवे पर जाम, हजारों वाहन घंटों तक फंसे रहे टिकट की घोषणा के बाद ग्वालियर-झांसी हाईवे समेत जिले के कई स्थानों पर चक्का जाम कर दिया गया। हाईवे पर करीब 8 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। डबरा के हरिपुर तिराहे पर भी समर्थकों ने हाईवे जाम कर नारेबाजी की। हजारों वाहन घंटों तक फंसे रहे। प्रदर्शन भाजपा कार्यालय तक पहुंच गया, जहां कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। व्यापारियों ने बाजार बंद कर भोपाल में भी विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दी। जिलाध्यक्ष समेत पदाधिकारियों के इस्तीफे नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने के विरोध में भाजपा जिलाध्यक्ष रघुवीर सरण समेत कई पदाधिकारियों ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया। नगर मंत्री और भाजपा कोषाध्यक्ष ने भी इस्तीफा सौंप दिया। विरोध के दौरान कई कार्यकर्ताओं ने मौके पर ही अपने इस्तीफों पर हस्ताक्षर किए। दावा किया गया कि भाजपा के सभी पार्षदों ने भी अपने इस्तीफे दे दिए हैं। व्यापारी बोले- नरोत्तम ही दतिया हैं व्यापारी महेश गुलवानी ने कहा- हम भाजपा कार्यकर्ता हैं। दतिया का विकास नरोत्तम मिश्रा ने किया है। हम चाहते हैं कि पार्टी उन्हें ही टिकट दे। यदि फैसला नहीं बदला गया तो व्यापारी बाजार बंद कर विरोध प्रदर्शन करेंगे। नरोत्तम मिश्रा ही दतिया हैं और दतिया ही नरोत्तम मिश्रा हैं। प्रदर्शन से जुड़ी तस्वीरें देखिए… पूर्व विधायक ममता मीना का भाजपा पर हमला गुना जिले की चांचौड़ा की पूर्व विधायक ममता मीना ने वीडियो जारी कर नरोत्तम मिश्रा का टिकट काटे जाने को एक बड़े नेता की “राजनीतिक हत्या” बताया। उन्होंने कहा कि जिस तरह वसुंधरा राजे, उमा भारती और यशोधरा राजे को किनारे किया गया, उसी तरह नरोत्तम मिश्रा के साथ भी हुआ है। जाम में फंसे लोग बोले- भूखे-प्यासे परेशान मुरैना से ट्रक लेकर आ रहे चालक भरत ने बताया कि वे तीन घंटे से जाम में फंसे हैं। ट्रक में सिर्फ पानी है। आसपास खाने की कोई व्यवस्था नहीं है और वे भूखे-प्यासे सफर कर रहे हैं। दिल्ली से बेंगलुरु जा रहे ट्रक चालक साबेर ने बताया कि वे काफी देर से जाम में फंसे हैं। उनके अनुसार 5 से 7 किलोमीटर तक वाहनों की कतार लगी है और जाम खुलने की कोई उम्मीद नहीं दिख रही। प्रदर्शनकारी रास्ता नहीं खोल रहे हैं। रायपुर से दिल्ली माल लेकर जा रहे ट्रक चालक सत्यवीर गुर्जर ने बताया कि वे ढाई घंटे से जाम में फंसे हैं और खाने-पीने में काफी परेशानी हो रही है। जाम के चलते ट्रैफिक डायवर्ट स्थिति को देखते हुए दतिया पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया। झांसी की ओर से आने वाले वाहनों को चिरौला स्थित बाईपास से निकाला गया, जबकि ग्वालियर की ओर से आने वाले वाहनों को गोराघाट मार्ग से डायवर्ट किया गया। दतिया और ग्वालियर जिला प्रशासन ने ट्रैफिक प्रबंधन के लिए समन्वय किया। गोराघाट पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ने के बाद ग्वालियर प्रशासन ने सिकरोदा और आंतरी में भी वाहनों को रोक दिया। दोनों जिलों की पुलिस लगातार यातायात व्यवस्था संभालने में जुटी रही। PHQ से मांगा गया अतिरिक्त पुलिस बल एडिशनल एसपी मंजीत सिंह चावला ने बताया कि जिले में आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर प्रदर्शन हो रहे हैं, जिनमें करीब 150 लोग शामिल हैं। स्थिति को देखते हुए पुलिस मुख्यालय (PHQ) से अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की गई है, जो जल्द पहुंच सकता है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारियों से समन्वय बनाकर स्थिति सामान्य करने का प्रयास जारी है।
दतिया चुनाव से जुड़े अपडेट्स के लिए ब्लॉग से गुजर जाइए…
