शहर के अलबेलापारा वार्ड स्थित तालाब में गहरीकरण कार्य कर रहे जेसीबी चालकों की चेतावनी को नजरअंदाज करना एक 18 वर्षीय युवक के लिए जानलेवा साबित हुआ। दोपहर के वक्त अपने दोस्तों के साथ नहाने गया शिवनगर वार्ड निवासी जोसफ जार्ज (18)तालाब के गहरे कीचड़ और पानी में डूब गया। तालाब में नहाने नहीं उतरे साथी ने बचाने के लिए हाथ बढ़ाया पर पकड़ नहीं बन पाई, जिसकी वजह से उसकी सांसों की डोर टूट गई। अलबेलापारा तालाब में इन दिनों गहरीकरण कार्य चल रहा है। बीती रात हुई बारिश की वजह से तालाब के भीतर की मिट्टी पूरी तरह दलदल और भारी कीचड़ में तब्दील हो चुकी थी, जिसके ऊपर पानी भरा हुआ था। दोपहर करीब 1 बजे जोसफ जार्ज अपने साथी नागेश पटेल (23), परमेश्वर सेवता (16)और एक 14 वर्षीय नाबालिग के साथ पहुंचा। तालाब में गहरीकरण कार्य कर रहे जेसीबी चालकों ने युवकों को सख्त हिदायत देते तालाब की तरफ जाने से मना किया। भास्कर फर्स्ट पर्सन मैंने हाथ आगे बढ़ाया, लेकिन फासला अधिक था
हम चारों दोपहर में तालाब के पास पहुंचे थे। जेसीबी वालों ने हमें डांटकर तालाब के अंदर जाने से मना किया, लेकिन जैसे ही वे लोग खाना खाने गए जोसफ और बाकी दो दोस्त पानी में उतर गए। मुझे तैरना नहीं आता था, जिसकी वजह से मैं किनारे ही खड़ा रहा। मजे से नहा रहा था, जोसफ अचानक कीचड़ ज्यादा होने की वजह से संभल नहीं पाया और डूबने लगा। वह छटपटा रहा था। उसे डूबता देख मेरी रूह कांप गई। मैंने तुरंत तालाब की ओर झुककर अपना एक हाथ उसकी तरफ आगे बढ़ाया ताकि उसे खींच सकूं। मैंने पूरी ताकत से चिल्लाते हुए कहा, जोसफ मेरा हाथ पकड़। उसने भी हाथ उठाया, लेकिन मेरा हाथ उस तक पहुंच नहीं पाया। फासला थोड़ा ज्यादा था। देखते ही देखते वह गहरे पानी और कीचड़ के नीचे समा गया। मैं चाहकर भी अपने दोस्त को नहीं बचा सका। (जैसा मृतक के साथी परमेश्वर सेवता ने भास्कर को बताया)
अब तालाब में लगाया जाएगा चेतावनी बोर्ड हादसे की खबर मिलते ही नगरपालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक, उपाध्यक्ष उत्तम यादव अलबेलापारा, पार्षद उगेश्वरी उइके तुरंत मौके पर और बाद में जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। अरुण कौशिक ने कहा भविष्य में ऐसी घटना रोकने निर्माण स्थल पर एक बड़ा चेतावनी बोर्ड लगाया जाएगा ताकि कोई भी कार्य क्षेत्र में प्रवेश नहीं करे। पूछताछ जारी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार: थाना प्रभारी जितेंद्र साहू ने कहा कि मर्ग कायम कर लिया गया है। जोसफ के साथ गए अन्य साथियों से पूछताछ की जा रही है। मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। मिर्गी के दौरे की चर्चा को परिजनों ने किया खारिज: इस बात की भी चर्चा रही की तालाब में पानी इतना ज्यादा नहीं था कि कोई डूब जाए, जोसफ को नहाने के दौरान मिर्गी का दौरा आया था। लेकिन जोसफ के रिश्तेदार राकेश पटेल ने इसे खारिज करते कहा कि उसे मिर्गी की बीमारी नहीं थी।
