छत्तीसगढ़ के भिलाई में युवक ने एकतरफा प्यार में नर्सिंग स्टूडेंट खुशी साहू (19) की हत्या कर दी। आरोपी लाकेश्वर उर्फ पिंटू साहू (24) पूरी प्लानिंग के साथ खुशी की हत्या करने पहुंचा था। वह वारदात से एक दिन पहले भी रायपुर से भिलाई आया था, लेकिन खुशी कमरे में नहीं मिली। इस कारण वह अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो सका और लौट गया। अगले दिन आरोपी फिर भिलाई पहुंचा। इस बार उसने हत्या के बाद पहचान और सबूत छिपाने की भी पूरी तैयारी कर रखी थी। आरोपी एक के ऊपर एक 2 शर्ट पहनकर आया था। जींस के अंदर बरमूडा भी पहन रखा था। हत्या के बाद उसने खून से सने कपड़ों और जूते को कुम्हारी के पास खारून नदीं में फेंक दिया था। हालांकि, पुलिस ने उसे बलौदाबाजार से अरेस्ट कर लिया। पहले देखिए ये तस्वीरें- 3 मिनट के अंदर किए 10 से 11 वार पुलिस के मुताबिक 10 जुलाई की दोपहर करीब 12 बजे आरोपी रामनगर स्थित खुशी के किराए के कमरे में पहुंचा। उस समय खुशी और उसकी सहेली कमरे में थीं। इसी बीच सहेली बाथरूम चली गई। आरोपी को मौका मिल गया। कमरे में घुसते ही उसने पहले खुशी का गला दबाया और उसके बाद उसने खुशी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। करीब ढाई से तीन मिनट के अंदर आरोपी ने खुशी पर 10 से 11 बार चाकू से वार किए। गला दबाने के कारण खुशी के गले की हड्डी भी टूट गई थी। सहेली के बाहर आने तक आरोपी पिंटू साहू वारदात को अंजाम देकर भाग चुका था। खून से लथपथ खुशी को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी मौत हो गई। खून से सने कपड़े-जूते खारून नदी में फेंके हत्या के बाद आरोपी ने प्लानिंग के मुताबिक खून से सनी शर्ट और जींस उतार दी। एक जूता भी खून से सन गया था। आरोपी ने इन कपड़ों और जूते को कुम्हारी के पास खारून नदी में फेंक दिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने सबूत मिटाने के लिए ऐसा किया था। इसके बाद वह अंदर पहनी शर्ट और बरमूडा के सहारे मौके से भाग निकला। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को अपनी पूरी प्लानिंग के बारे में बताया है। नंबर ब्लॉक करने की वजह से की हत्या भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि आरोपी खुशी से एकतरफा प्यार करता था। वह चाहता था कि खुशी उसके साथ रिलेशनशिप में रहे और उससे शादी करे, लेकिन खुशी इसके लिए तैयार नहीं थी। वह लगातार आरोपी से बात करने से इनकार कर रही थी। कुछ सप्ताह पहले खुशी ने आरोपी का मोबाइल नंबर भी ब्लॉक कर दिया था। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने खुशी की हत्या की साजिश रची। पुलिस ने बताया कि आरोपी खुशी का दूर का रिश्तेदार भी है। रिश्तेदारी के कारण दोनों की पहचान हुई थी। बलौदाबाजार से पकड़ा गया आरोपी पुलिस ने तकनीकी सबूतों के आधार पर 24 घंटे के अंदर आरोपी लाकेश्वर साहू उर्फ पिंटू (24) को बलौदाबाजार से गिरफ्तार कर लिया। वह मूल रूप से सकरी गांव का रहने वाला है। फिलहाल, रायपुर के खमतराई इलाके में किराए के कमरे में रहकर मजदूरी करता था। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल धारदार हथियार और बाइक बरामद की गई है। वैशाली नगर पुलिस ने हत्या के साथ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। …………………… इससे जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… नंबर ब्लॉक करने पर नर्सिंग छात्रा का मर्डर: ऑनलाइन चाकू मंगवाया, PG में घुसकर पहले गला दबाया, फिर 10 वार किए; एकतरफा प्यार करता था छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई में 19 साल की नर्सिंग छात्रा की युवक ने हत्या कर दी। खुशी साहू बेमेतरा की रहने वाली थी वह भिलाई में PG में रहकर फार्मेसी की पढ़ाई कर रही थी। आरोपी पिंटू साहू उससे एकतरफा प्यार करता था। पढ़िए पूरी खबर
