क्या IPL ऑक्शन में टूटेगा ऋषभ पंत का रिकॉर्ड:10 टीमों के पास 237.55 करोड़, 77 स्लॉट ही खाली; कोलकाता-चेन्नई का पर्स सबसे बड़ा

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 19वें सीजन के लिए मिनी ऑक्शन कल दोपहर 2.30 बजे से अबू धाबी में शुरू होगा। 10 टीमों के पास 237.55 करोड़ रुपए का पर्स है। नीलामी में 350 प्लेयर्स उतरेंगे, लेकिन 77 ही बिक पाएंगे। क्योंकि टीमों में इतनी ही जगह खाली है। 40 प्लेयर्स की बेस प्राइस सबसे ज्यादा 2 करोड़ रुपए है, वहीं 227 प्लेयर्स की बेस प्राइस सबसे कम 30 लाख रुपए है। IPL मिनी ऑक्शन में अक्सर टीमें कुछ खिलाड़ियों पर बहुत ज्यादा रकम खर्च कर देती हैं। इतिहास में 6 खिलाड़ी ऐसे रहे, जिन्हें टीमों ने 16 करोड़ रुपए से ज्यादा कीमत देकर खरीदा। वहीं ऑक्शन इतिहास के सबसे महंगे प्लेयर ऋषभ पंत पिछले साल मेगा ऑक्शन में बिके। उन्हें 27 करोड़ रुपए में लखनऊ सुपरजायंट्स ने खरीदा था। 20 पॉइंट्स में IPL ऑक्शन के बारे में सबकुछ… 1. ऑक्शन का आयोजक कौन है? भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) देश की 2 फ्रेंचाइजी लीग इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) और विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) का आयोजन करवाता है। BCCI ही 16 दिसंबर को IPL मेगा ऑक्शन भी कंडक्ट कराएगा। इस बार भी मल्लिका सागर ही ऑक्शनर रहेंगी। 2. नीलामी कहां और कब होगी? IPL मिनी ऑक्शन UAE के अबू धाबी शहर में दोपहर 2.30 बजे से शुरू होगा। नीलामी 16 दिसंबर को एक ही दिन चलेगी। 3. मिनी ऑक्शन क्यों हो रहा? IPL में हर 3 साल में एक बार मेगा ऑक्शन होता है। जिसमें टीमें 6 खिलाड़ियों को ही रिटेन कर सकती हैं, ऐसे में ज्यादा प्लेयर्स खरीदे जाते हैं। मेगा ऑक्शन के बीच 2 साल मिनी ऑक्शन होता है, इसमें टीमें ज्यादा प्लेयर्स को रिटेन कर सकती हैं। इसमें कम खिलाड़ी खरीदे जाते हैं, इसलिए इसे मिनी यानी छोटा ऑक्शन कहते हैं। 2025 IPL के लिए मेगा ऑक्शन हुआ था, इसलिए 2026 और 2027 IPL के लिए मिनी ऑक्शन होंगे। 4. कितने प्लेयर्स ऑक्शन में उतरेंगे? ऑक्शन के लिए दुनियाभर के 1390 प्लेयर्स ने रजिस्ट्रेशन कराया था। हालांकि, टीमों ने इनमें से कुछ ही प्लेयर्स चुने और उन्हें खरीदने में इंटरेस्ट दिखाया। इसलिए ऑक्शन से पहले BCCI ने टॉप 350 प्लेयर्स को शॉर्टलिस्ट कर लिया। इनका नाम ही कल की नीलामी में आएगा। 5. किस टीम में सबसे ज्यादा जगह खाली? कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) में सबसे ज्यादा 13 प्लेयर्स की जगह खाली है। टीम ने 12 ही प्लेयर्स रिटेन किए, टीम ऑक्शन में 6 विदेशी प्लेयर्स को भी खरीदेगी। पंजाब किंग्स (PBKS) में सबसे कम 4 ही प्लेयर्स की जगह है, पिछली रनर-अप टीम ने 21 प्लेयर्स को रिटेन किया। एक टीम में 22 से 25 प्लेयर्स शामिल हो सकते हैं। पंजाब के बाद मुंबई इंडियंस (MI) और गुजरात टाइटंस (GT) में 5-5 प्लेयर्स की जगह खाली है। 6. किस टीम का पर्स सबसे बड़ा है? सबसे कम प्लेयर्स को रिटेन करने वाली KKR का पर्स ही सबसे बड़ा है, टीम 64.30 करोड़ रुपए लेकर नीलामी में आएगी। उनके बाद चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के पर्स में 43.40 करोड़ रुपए है। MI के पर्स में सबसे कम 2.75 करोड़ रुपए है। RCB, RR, PBKS और GT के पर्स में 11 से 17 करोड़ रुपए है। वहीं DC, LSG और SRH के पर्स में 21 से 26 करोड़ रुपए है। 7. कितने प्लेयर्स रिटेन हुए? 10 टीमों ने 173 प्लेयर्स को रिटेन किया, इनमें से 45 विदेशी हैं। 10 टीमों में 250 प्लेयर्स शामिल हो सकते हैं, इनमें से 80 विदेशी रहना चाहिए। यानी नीलामी में खाली जगह तो 77 हैं, लेकिन इनमें से 25 स्लॉट विदेशी प्लेयर्स के लिए हैं। यानी 52 भारतीय प्लेयर ही बिक पाएंगे। 8. ऑक्शन से पहले कितने प्लेयर्स ट्रेड हुए? IPL का सीजन खत्म होने के बाद प्लेयर्स की ट्रेडिंग विंडो शुरू हो जाती है, जो ऑक्शन के एक महीने पहले तक चालू रहती है। इस बार की ट्रेडिंग विंडो में टीमों ने 8 प्लेयर्स की अदला-बदली की। इनमें 3 सबसे बड़े नाम संजू सैमसन, रवींद्र जडेजा और मोहम्मद शमी के रहे। सैमसन राजस्थान से चेन्नई, जडेजा चेन्नई से राजस्थान और शमी हैदराबाद से लखनऊ का हिस्सा बन गए। 9. क्या रिटेंशन के लिए कोई लिमिट थी? मिनी ऑक्शन में प्लेयर्स रिटेंशन की कोई लिमिट नहीं रहती है। टीमें चाहे तो अपने पूरे स्क्वॉड को रिटेन कर सकती हैं। हालांकि, इसके बावजूद टीमों ने कुछ खिलाड़ियों को रिलीज कर दिया। ताकि वे अगले सीजन से पहले और भी ज्यादा मजबूत टीम बना सके। 10. प्लेयर्स की बेस प्राइस कितनी है? ऑक्शन में प्लेयर्स की बेस प्राइस 30 लाख रुपए से शुरू हो कर 2 करोड़ रुपए तक रहती है। बेस प्राइस यानी जिस कीमत से खिलाड़ी की बोली शुरू होती है। इस बार 40 प्लेयर्स की बेस प्राइस सबसे ज्यादा 2 करोड़ रुपए है। 30 प्लेयर्स की बेस प्राइस 1 से 1.50 करोड़ रुपए के बीच है। वहीं, 228 खिलाड़ियों की शुरुआती कीमत 30 से 75 लाख रुपए के बीच है। 11. किन प्लेयर्स पर सबसे पहले बोली लगेगी? ऑक्शन की शुरुआत इंटरनेशनल प्लेयर्स के सेट से होती है। हर सेट में अलग-अलग कैटेगरी के खिलाड़ी होते हैं। बल्लेबाज, ऑलराउंडर, विकेटकीपर, तेज गेंदबाज और स्पिनर्स के सीक्वेंस में खिलाड़ियों का नाम लिया जाता है। इंटरनेशनल प्लेयर्स के बाद उसी सीक्वेंस में अनकैप्ड यानी घरेलू खिलाड़ियों का नंबर आता है। यही प्रोसेस आखिरी खिलाड़ी का नाम आने तक चलती है। 12. क्या सभी प्लेयर्स का नाम आएगा? नहीं। शुरुआती 5 सेट के 34 खिलाड़ियों का नाम धीरे-धीरे लिया जाएगा, उन्हें खरीदने के लिए टीमों के पास ज्यादा समय रहेगा। अनकैप्ड खिलाड़ियों का नाम आते ही नीलामी की स्पीड बढ़ा दी जाएगी। 50 से ज्यादा खिलाड़ी बिकने के बाद टीमों से कुछ खिलाड़ियों के नाम मांगे जाएंगे, ऑक्शन में फिर इन्हीं प्लेयर्स पर बोली लगेगी। इसे एक्सलरेटेड राउंड कहा जाता है। जैसे ही 77 खिलाड़ी बिकेंगे, नीलामी खत्म हो जाएगी। इसके बाद बचे हुए खिलाड़ी बगैर नाम लिए ही अनसोल्ड रह जाएंगे। 13. कौन से खिलाड़ी सरप्राइज कर सकते हैं? IPL मिनी ऑक्शन में इस बार ज्यादा बड़े नाम नहीं उतर रहे हैं। आंद्रे रसेल, ग्लेन मैक्सवेल, फाफ डु प्लेसिस और मोईन अली जैसे दिग्गजों ने रजिस्ट्रेशन नहीं करवाया। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया के युवा कैमरन ग्रीन, श्रीलंका के मथीश पथिराना, भारत के रवि बिश्नोई, इंग्लैंड के जैमी स्मिथ और आउट ऑफ फॉर्म लियम लिविंगस्टन पर ही बड़ी बोली लग सकती है। भारत में घरेलू क्रिकेट खेलने वाले कुछ खिलाड़ियों की बोली भी सरप्राइज कर सकती है। इनमें जम्मू कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी के नाम पर सबसे ज्यादा चर्चा हैं। उनके अलावा स्पिनर प्रशांत वीर, शिवम शुक्ला, तेज गेंदबाज अशोक शर्मा, क्रैंस फुलेट्रा और विकेटकीपर कार्तिक शर्मा पर भी टीमें बड़ी रकम खर्च कर सकती हैं। 14. मिनी ऑक्शन का सबसे महंगा प्लेयर कौन? IPL के मिनी ऑक्शन में अक्सर कई खिलाड़ियों पर बोली पिछले रिकॉर्ड्स को तोड़ जाती है। मिनी ऑक्शन में अब तक 6 खिलाड़ी 16 करोड़ रुपए से ज्यादा की कीमत में बिके हैं। इनमें ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क और पैट कमिंस पर बोली तो 20 करोड़ रुपए को भी पार कर चुकी है। 15. IPL इतिहास के सबसे महंगे प्लेयर कौन? IPL इतिहास में ओवरऑल सबसे महंगे प्लेयर का रिकॉर्ड भारत के ऋषभ पंत के नाम हैं। जिन्हें पिछले ही सीजन लखनऊ सुपरजायंट्स ने 27 करोड़ रुपए में खरीदा था। उनके बाद पंजाब किंग्स के श्रेयस अय्यर सबसे महंगे रहे, जिन्हें भी पिछले ही सीजन 26.75 करोड़ रुपए की कीमत मिली। 16. कहां देख सकते हैं ऑक्शन? IPL के ब्रॉडकास्टिंग राइट्स रिलायंस के पास हैं। टीवी के दर्शक स्टार स्पोर्ट्स और OTT के दर्शक जियोहॉटस्टार पर ऑक्शन का लाइव कवरेज देख सकते हैं। इसके साथ ही आप दैनिक भास्कर ऐप पर भी नीलामी से जुड़ी डिटेल्स जान सकते हैं। 17. IPL कब से शुरू होगा? IPL का 19वां सीजन मार्च के तीसरे सप्ताह से शुरू हो सकता है। टूर्नामेंट की तारीखें फिलहाल फाइनल नहीं हुई, लेकिन यह मार्च से मई के बीच ही खेला जाएगा। 18. सबसे ज्यादा IPL ट्रॉफी किसने जीती? IPL की शुरुआत 2008 में हुई थी, तब राजस्थान रॉयल्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को फाइनल हराकर पहले सीजन का खिताब जीता था। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 2025 में पंजाब किंग्स को हराकर अपना पहला खिताब जीता। इस बीच CSK और MI ने 5-5 टाइटल जीत लिए। KKR 3 खिताब जीतकर तीसरी सबसे सफल टीम है। 19. IPL के टॉप स्कोरर कौन हैं? RCB से सभी सीजन खेलने वाले विराट कोहली टूर्नामेंट इतिहास के टॉप रन स्कोरर हैं। उनके नाम 8 शतक के साथ 8661 रन हैं। वे 19वें सीजन में अपने 9 हजार रन पूरे कर सकते हैं। टूर्नामेंट के दूसरे टॉप स्कोरर रोहित शर्मा उनसे करीब 1600 रन पीछे हैं। 20. IPL के टॉप गेंदबाज कौन हैं? पंजाब किंग्स के लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल टूर्नामेंट इतिहास के टॉप विकेट टेकर हैं। उनके नाम 174 मैच में 221 विकेट हैं। उनके बाद RCB के भुवनेश्वर कुमार ने 198 विकेट लिए हैं। KKR के सुनील नरेन भी 189 विकेट ले चुके हैं। दोनों अगले सीजन 200 विकेट के आंकड़े को पार कर सकते हैं। ____________ स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें… हार्दिक पहले भारतीय, जिनके नाम 1000 रन और 100 विकेट:गिल 2025 के नंबर-1 बैटर, अभिषेक का तीसरी बार पहली बॉल पर सिक्स, रिकॉर्ड्स भारत ने टी-20 सीरीज के तीसरे मैच में साउथ अफ्रीका को 7 विकेट से हरा दिया। रविवार को 118 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने 15.5 ओवर में 7 विकेट से मैच जीता। साउथ अफ्रीका की टीम 20 ओवर में 117 रन पर सिमट गई थी। पूरी खबर

More From Author

रेलवे में ग्रुप D की 22,000 वैकेंसी भर्तियां:10वीं पास एलिजिबल; संगीता बरुआ प्रेस क्‍लब ऑफ इंडिया की पहली महिला अध्यक्ष बनीं

जम्मू-कश्मीर- उधमपुर एनकाउंटर में एक पुलिसकर्मी शहीद:एक आतंकी को भी गोली लगी; रात में ऑपरेशन रोका गया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *