कोरिया ट्रिपल मर्डर केस, CBI दूसरे दिन भी नौगईं पहुंची:घटनास्थल का किया मुआयना, फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया

छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में ट्रिपल मर्डर केस की जांच करने के लिए पहुंची CBI (केंद्रीय जांच ब्यूरो) की 6 सदस्यीय टीम दूसरे दिन भी घटनास्थल नौगईं पहुंची। CBI की टीम ने फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया था। सीबीआई ने फोरेंसिक जांच में मिले तथ्यों के आधार पर घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया। दरअसल, 16 जून की रात नौगईं गांव में रेत तस्करी विवाद में फॉर्च्यूनर में पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी। कार में एक ही परिवार के 5 लोग सवार थे। आग की चपेट में आने से भाजपा नेता लल्ला सिंह और नागेंद्र सिंह की मौत हो गई। वहीं, आरोपियों ने भाजपा नेता के भाई विरेंद्र सिंह का गला फरसे से काट दिया था। बाकी 2 घायल हो गए थे। CBI ने किया घटनास्थल का बारीकी से मुआयना ट्रिपल मर्डर केस की जांच के लिए सीबीआई की टीम सोमवार को कोरिया पहुंची थी। पहले दिन टीम ने एसपी से मुलाकात की। इसके बाद नौगईं पहुंचकर घटनास्थल को देखा। देर शाम टीम सोनहत थाने भी पहुंची थी, जहां जांच से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की गई। मंगलवार को सीबीआई की टीम फिर से मौके पर पहुंची और कोरिया की फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने मौके पर फोरेंसिक जांच के रिकार्ड से यह समझने की कोशिश की कि घटनाक्रम क्या था? हालांकि टीम की जांच अभी जारी है। वारदात से जुड़ी तस्वीरें देखिए- अब तक 12 आरोपी गिरफ्तार मामले में मुख्य आरोपी मनोज त्रिपाठी समेत 4 आरोपियों ने मनेंद्रगढ़ थाने में सरेंडर कर दिया था। वहीं, 7 आरोपियों को पुलिस ने अलग-अलग इलाके से गिरफ्तार किया है। इनके खिलाफ नामजद केस दर्ज किया गया है। रेत के अवैध खनन को लेकर लल्ला सिंह के परिवार का भाजपा नेता मनोज त्रिपाठी के परिवार से विवाद चल रहा था। चिरमी के रेत घाट का ठेका करीब 8 महीने पहले मयंक सिंह के नाम पर मिला था। इसके बाद मयंक सिंह और उनका परिवार सोनहत, कैलाशपुर और तेलीमुड़ा, बेलिया और छिंगुरा से निकलने वाले अवैध रेत से भी वसूली शुरू कर दी। हाईवा से वसूली का आरोप भाजपा नेता भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह और उनके परिवार के लोग फॉर्च्यूनर गाड़ी में हूटर बजाकर चलते थे। आरोप है कि मयंक सिंह हर हाईवा से 1000 रुपए वसूलता था। बैकुंठपुर में एक हाईवा रेत की कीमत करीब 5000 रुपए तक होती है। बताया जा रहा है कि त्रिपाठी परिवार के पास भी कई हाईवा हैं। वे रेत निकालकर बैकुंठपुर में बेचते थे। दूसरे घाट से निकाली गई रेत का पैसा देने को लेकर दोनों परिवारों के बीच कई महीनों से विवाद चल रहा था। भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह को बैकुंठपुर विधायक भैयालाल राजवाड़े का करीबी और प्रभावशाली भाजपा नेता माना जाता था। वहीं, आरोपी मनोज त्रिपाठी को पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री और भाजपा विधायक रेणुका सिंह का करीबी बताया जाता है। घटना के पहले हुई थी मारपीट बताया जाता है कि नौगईं के शिवघाट के पास त्रिपाठी परिवार के निशांत त्रिपाठी के साथ मयंक सिंह, उत्कर्ष सिंह, लवकुश सिंह और उनके अन्य साथियों ने मारपीट की थी। इस मामले में सोनहत थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। इसी घटना के बाद दोनों परिवारों के बीच विवाद और बढ़ गया, जो आगे चलकर हत्याकांड की वजह बना। पुलिस अधिकारियों से भी पूछताछ करेगी टीम फिलहाल, इस मामले की जांच सीबीआई की टीम कर रही है। टीम की अगुवाई एएसपी रैंक के अधिकारी कर रहे हैं। उनके साथ एक डीएसपी, एक एसआई और तीन अन्य कर्मचारी भी हैं। जांच के दौरान टीम इस केस से जुड़े पुलिस अधिकारियों से भी पूछताछ करेगी। ……………………… इससे जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… छत्तीसगढ़- भाजपा नेता को फॉर्च्यूनर में जिंदा जलाया, 3 मौतें:हाईवा अड़ाकर लगाई आग, साथियों को फरसे से काटा, रेत तस्करी विवाद में हत्या छत्तीसगढ़ के कोरिया में रेत तस्करी को लेकर भाजपा नेता समेत 3 लोगों की हत्या कर दी गई। आरोपियों ने फॉर्च्यूनर के आगे-पीछे हाईवा अड़ाकर रास्ता रोका, फिर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। इसमें भाजपा के पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्ष भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह जिंदा जल गए। पढ़ें पूरी खबर…

More From Author

सरकार ने फिर दोहराया- पासपोर्ट नागरिकता का प्रमाण नहीं:यह विदेश यात्रा के लिए जारी होने वाला डॉक्यूमेंट, 8% से भी कम भारतीयों के पास है

करगी रोड रेलवे स्टेशन डिरेलमेंट,10 घंटे में 10 आरोपी गिरफ्तार:ट्रैक पर जेसीबी बकेट आने से हुआ हादसा; मुख्य ठेकेदार अब भी फरार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *