छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहने के आसार हैं। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई इलाकों में गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जताई है। इस दौरान कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है। हालांकि तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन दर्ज नहीं किया गया। सबसे अधिक अधिकतम तापमान रायपुर (माना) में 42.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 23.2 डिग्री सेल्सियस रहा। मानसून की रफ्तार बढ़ने के संकेत मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून के अगले 3 से 4 दिनों में छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। मानसून महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, ओडिशा और बंगाल की खाड़ी के अन्य हिस्सों में भी तेजी से आगे बढ़ सकता है। दो तरह के मौसमी सिस्टम एक्टिव पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्र में 1.5 से 3.1 किलोमीटर ऊंचाई तक बना ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) सक्रिय है। इसके साथ ही पूर्वी उत्तर प्रदेश से तेलंगाना तक छत्तीसगढ़ होकर गुजरने वाली द्रोणिका (ट्रफ लाइन) भी बनी हुई है। यही सिस्टम प्रदेश में नमी पहुंचाकर गरज-चमक और बारिश की गतिविधियों को बढ़ावा दे रहे हैं। रायपुर का मौसम शहर में आज (8 जून) बादल छाए रहने, गरज-चमक, धूलभरी आंधी और बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
