UP- बाराबंकी के औसानेश्वर मंदिर में भगदड़, 2 की मौत:जलाभिषेक के दौरान करंट फैलने से हादसा, 29 श्रद्धालु घायल

बाराबंकी के औसानेश्वर महादेव मंदिर में सावन के तीसरे सोमवार को भगदड़ मच गई। हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 29 लोग घायल हो गए, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि रविवार रात 2 बजे जलाभिषेक के दौरान मंदिर परिसर में अचानक करंट फैलने से यह हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। सभी घायलों को एंबुलेंस से हैदरगढ़ और त्रिवेदीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। कुछ गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रैफर किया गया है। डीएम शशांक त्रिपाठी और एसपी अर्पित विजयवर्गीय समेत अन्य आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। डीएम ने बताया कि कुछ बंदर बिजली के तार पर कूद गए थे, जिससे तार टूटकर मंदिर परिसर के टिन शेड पर गिर गया। इसी कारण करंट फैला और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। रविवार सुबह को हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर में भगदड़ मच गई थी। इसमें 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे। भगदड़ के बाद की तस्वीरें… बताया जा रहा है कि इलाज के दौरान त्रिवेदीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पर मुबारकपुरा निवासी प्रशांत (22) और एक अन्य श्रद्धालु की मौत हुई है। त्रिवेदीगंज सीएचसी पर 10 घायलों को लाया गया, जिनमें पांच को हालत गंभीर होने पर रेफर कर दिया गया है। हादसे की वजह: बंदर के कूदने से बिजली का तार टूटना
मौके पर मौजूद कुछ श्रद्धालुओं में चर्चा थी कि एक बंदर के बिजली के तार पर कूद गया, जिससे तार टूटकर मंदिर के टीनशेड से टकरा गया। इसकी वजह से करंट फैल गया और करंट की बात सुनकर भगदड़ मच गई।
घटना के बाद सभी घायलों को पुलिस ने अस्पताल पहुंचा दिया। दो घंटे बाद मंदिर के हालात फिर से सामान्य हो गए। श्रद्धालु लाइन में लगकर फिर से जलाभिषेक कर रहे हैं।

More From Author

कैश कांड केस- जस्टिस वर्मा की याचिका पर सुनवाई आज:महाभियोग की सिफारिश रद्द करने की अपील; केस से हटे CJI गवई

भाई-भाभी ने अमीर बनने बच्ची की बलि चढ़ाई:काले कपड़े पहनाकर मारा, श्मशान के खेत में गाड़ा, नार्को-टेस्ट में बोले- तांत्रिक ने आइडिया दिया था

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *