TDP सांसद बोले- तीसरे बच्चे पर गिफ्ट मिलेगा:लड़की हुई तो ₹50 हजार, लड़का हुआ तो गाय; मां को मैटरनिटी लीव मिलेगी

भाजपा की सहयोगी तेलुगु देशम पार्टी (TDP) के सांसद कालिसेट्टी अप्पलानायडू ने कहा कि तीसरे बच्चा पैदा करने पर गिफ्ट दिए जाएंगे। आंध्र प्रदेश में तीसरे बच्चे के तौर पर लड़की पैदा होती है तो माता-पिता को 50 हजार रुपए और लड़का पैदा होने पर गाय मिलेगी। कालिसेट्टी ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर एक कार्यक्रम में यह बात कही। इसके लिए खुद मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू से भी उन्हें प्रशंसा मिल रही है। यह बयान मुख्यमंत्री नायडू के जनसंख्या वृद्धि के आह्वान पर आई है। मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने घोषणा की थी कि महिला कर्मचारियों को बच्चों की संख्या की परवाह किए बिना मैटरनिटी लीव दी जाएगी। CM ने कहा था- महिलाएं जीतना हो सके उतने बच्चे पैदा करें
एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायडू ने कहा था कि सभी महिलाओं कर्मचारियों को मैटरनिटी लीव मिलेगी, चाहे उनके कितने भी बच्चे हों। नायडू ने महिलाओं से आग्रह किया था कि वे जितना हो सके उतने ज्यादा बच्चों को जन्म दें ताकि राज्य में युवा जनसंख्या बढ़े। नायडू ने अक्तूबर, 2024 में भी राज्य में लोगों की बढ़ती औसत उम्र पर चिंता जताई थी। उन्होंने कहा था कि कम से कम दो या उससे ज्यादा बच्चे पैदा करने चाहिए। सरकार कानून बनाएगी कि जिनके दो या ज्यादा बच्चे होंगे, वहीं स्थानीय निकाय चुनाव लड़ पाएं। बूढ़ा हो रहा भारत, युवा आबादी घट रही
केंद्र की यूथ इन इंडिया-2022 रिपोर्ट के मुताबिक 2036 तक देश की 34.55 करोड़ आबादी ही युवा रह जाएगी, जो अभी 47% से ज्यादा है। अभी देश में 25 करोड़ युवा 15 से 25 साल के बीच के हैं। अगले 15 साल में यह और तेजी से गिरेगी। संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष (UNFPA) की इंडिया एजिंग रिपोर्ट 2023 की मानें तो 2011 में भारत में युवा आबादी की औसत उम्र 24 साल थी, जो अब 29 साल हो गई है। 2036 तक भारत की बुजुर्ग जनसंख्या 12.5%, 2050 तक 19.4% तो सदी के अंत तक 36% हो जाएगी। स्टालिन बोले- 16 बच्चे पैदा करने की कहावत पर लौट सकते हैं
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने कहा था कि लोकसभा सीटों के परिसीमन से कई लोग 16 बच्चे पैदा करने की तमिल कहावत पर लौट सकते हैं। लेकिन जो भी हो, तमिल लोगों को अपने बच्चों के तमिल नाम ही रखना चाहिए। स्टालिन चेन्नई में 31 जोड़ों के शादी समारोह में पहुंचे थे। यहां ही उन्होंने बयान दिया। स्टालिन ने ये भी कहा कि बीते समय में हमारे बड़े-बूढ़े नवदंपतियों को 16 प्रकार की संपत्ति अर्जित करने का आशीर्वाद देते थे, जिसमें शोहरत, शिक्षा, संपत्ति, वंशावली शामिल हैं। अब लोग संपन्नता के लिए छोटे परिवार में विश्वास करने लगे हैं। ———————————————- मामले से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें…. संघ प्रमुख भागवत बोले- 3 बच्चे पैदा करें, वृद्धि दर 2.1% से नीचे तो समाज नष्ट हो जाएगा राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत ने जनसंख्या में कमी को चिंता का विषय बताया। भागवत ने कहा कि जनसंख्या वृद्धि दर 2.1% से नीचे नहीं होनी चाहिए। इसके लिए 2 की बजाय 3 बच्चे पैदा करें। यह संख्या इसलिए जरूरी है, ताकि समाज जिंदा रहे। पूरी खबर पढ़ें…

More From Author

चैंपियंस ट्रॉफी…इंडिया की जीत पर छत्तीसगढ़ में जश्न:रायपुर के जयस्तंभ चौक में सेलिब्रेशन; जमकर आतिशबाजी और नारेबाजी कर लोग मना रहे जश्न

जडेजा, हर्षित और अर्शदीप का गंगनम स्टाइल डांस:कोहली-रोहित ने डांडिया खेलकर जीत सेलिब्रेट की; भारत ने 4, न्यूजीलैंड ने 2 कैच छोड़े; मोमेंट्स

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *