PSG ने पहली बार UEFA चैंपियंस लीग का खिताब जीता:इंटर मिलान को 5-0 से हराया; कोच लुइस एनरिक ने जीत बेटी को समर्पित की

पेरिस सेंट-जर्मेन (PSG) ने शनिवार को म्यूनिख के एलियांज एरिना में इंटर मिलान को हराकर UEFA चैंपियंस लीग का खिताब जीत लिया है। टीम ने इंटर मिलान को 5-0 से हराकर इतिहास रच दिया, यह चैंपियंस लीग फाइनल में अब तक की सबसे बड़ी जीत है। PSG ने पहली बार UEFA चैंपियंस लीग का खिताब जीता है। युवा खिलाड़ी देजिरे डूए ने दो गोल (20वें और 63वें मिनट) किए। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब दिया गया। उनके अलावा अशरफ हकीमी, ख्विचा और सेनी मायुलु ने भी गोल किए। PSG के मैनेजर लुइस एनरिक ने क्लब की पहली UEFA चैंपियंस लीग जीत को अपनी दिवंगत बेटी जाना को समर्पित किया। उनकी बेटी जाना का 2019 में 9 साल की उम्र में बोन कैंसर से निधन हो गया था। उन्होंने कहा, ‘मेरी बेटी जाना हमेशा मेरे दिल में है, और वह इस जीत के हर पल में मेरे साथ थी। वह जीत और हार दोनों में मेरे साथ है।’ PSG ट्रेबल जीतने वाली पहली फ्रेंच टीम बनी
PSG ने चैंपियंस लीग खिताब के साथ ट्रेबल भी जीत लिया है। टीम ने इस सीजन चैंपियंस लीग के अलावा लीग 1 और फ्रेंच कप जीता है। जो टीमें एक सीजन में अपनी लीग, कप और चैंपियंस लीग मिलाकर तीन मेजर ट्रॉफी जीतती हैं उससे ट्रेबल कहते हैं। वहीं यह उपलब्धि 15 बार UEFA चैंपियंस लीग जीतने वाली स्पेनिश टीम रियल मैड्रिड भी हासिल नहीं कर सकी है। हालांकि स्पेनिश टीम बार्सिलोना ने 2 बार यह कारनामा किया है। अब तक यूरोप की 9 टीमों ने ट्रेबल जीत चुकी है। मैनचेस्टर सिटी ट्रेबल जीतने वाली नौवीं टीम है। रियल मैड्रिड लीग की सबसे सफल टीम
रियल मैड्रिड लीग की सबसे सफल टीम है। उसने अब तक 15 बार खिताब अपने नाम किया है, जबकि 4 बार उपविजेता रही है। AC मिलान इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर है। उसने सात बार टाइटल जीता है। वहीं लिवरपूल और बायर्न म्यूनिख ने 6-6 बार खिताब अपने नाम किया है। 1955-56 से खेली जा रही है UEFA चैंपियंस लीग
दुनिया की सबसे बड़ी फुटबॉल लीग ‘चैंपियंस लीग’ का यह 33वां सीजन है। लीग की शुरुआत 1955-56 में हुई थी। तब यूरोपियन यूनियन ऑफ फुटबॉल एसोसिएशन (UEFA) द्वारा आयोजित लीग का नाम यूरोपियन चैंपियंस कप था। 1992 में नाम बदलकर UEFA चैंपियंस लीग कर दिया गया। इस सीजन में इसमें 36 टीमें हिस्सा ली थी। क्लब के पूर्व खिलाड़ी एम्बाप्पे ने बधाई दी
पूर्व PSG स्टार किलियन एम्बाप्पे ने इंस्टाग्राम पर PSG को बधाई दी और उनकी सफलता की सराहना की। उन्होंने लिखा, ‘अद्भुत जीत, बहुत गर्व महसूस हो रहा है। इतिहास रच दिया।’ एम्बाप्पे फिलहाल रियल मैड्रिड के लिए खेलते हैं।

More From Author

भारत में ₹86 हजार करोड़ निवेश करेगा एशियन डेवलपमेंट बैंक:देश के शहरी इंफ्रास्ट्रक्चर में सुधार होगा, PM मोदी से मिले ADB के प्रेसिडेंट

ओवैसी बोले- जेल में रहकर पिता बना आतंकी लखवी:अल्जीरिया में कहा- आतंकवाद को बढ़ावा दे रहा पाकिस्तान, FATF इसे फिर ग्रे लिस्ट में डाले

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *