बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को विधानसभा चुनावों में एक बार फिर एनडीए को वोट देने की अपील की। नीतीश ने एक वीडियो मैसेज में दावा किया कि उन्होंने अपने परिवार के लिए कुछ नहीं किया है। राज्य का विकास हमेशा उनकी प्राथमिकता रही है। नीतीश ने कहा- नवंबर 2005 में उनकी सरकार के सत्ता में आने के बाद से ही राज्य में कानून-व्यवस्था में सुधार हुआ है। अब, बिहारी होना राज्य के लोगों के लिए गर्व की बात है। मैं अपील करता हूं कि एक बार फिर सेवा का मौका दें। इधर, छपरा से RJD के उम्मीदवार खेसारी लाल ने कहा है, ‘लालू का जंगलराज ही अच्छा था। लोग पैसे देकर जिंदा तो रहते थे। आज तो इंसान ही खत्म हो जा रहा है। कोई नेता गलत नहीं होता है, लोग गलत होते हैं।’ खेसारी ने कहा- बात हत्या-अपहरण की नहीं, रोजगार की है, अगर वह नहीं मिलेगा तो हम मौत में भी रोजी-रोजगार खोज लेंगे। आप इतना रोजगार दे दीजिए, तो शायद मर्डर और किडनैपिंग की जरूरत ही न पड़े। गौरतलब है कि 243 सदस्यों वाली बिहार विधानसभा के लिए दो चरणों ( 6 और 11 नवंबर को) में मतदान होगा, जिसके नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। बिहार विधानसभा चुनाव से जुड़े अपडेट्स के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए….
