बजट सत्र का मंगलवार को 10वां दिन है। इससे पहले BJP की महिला सांसदों ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से उन विपक्षी सांसदों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की अपील की है, जिन्होंने ट्रेजरी बेंच के अंदर तक घुसने, टेबल पर चढ़ने और प्रधानमंत्री की सीट को घेरने जैसे काम किए। BJP की महिला सांसदों ने कहा कि 4 फरवरी को लोकसभा में हुई खतरनाक घटनाओं ने सभी को हैरान कर दिया है, क्योंकि इसके बुरे नतीजे हो सकते थे। यह भारत के संसदीय लोकतंत्र के इतिहास में सबसे बुरे पलों में से एक हो सकता था। महिला सांसदों ने लिखा- हम आपसे अपील करते हैं कि आप उन विपक्षी सांसदों के खिलाफ नियमों के तहत कड़ी से कड़ी कार्रवाई करें, जिन्होंने सदन के अंदर ऐसे घिनौने काम किए हैं और हमारे लोकतांत्रिक संस्थानों को बदनाम किया है। इससे पहले सोमवार को भी लोकसभा की कार्यवाही केवल 13 मिनट ही चली। विपक्ष सदन में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को बोलने देने की मांग करता रहा। इधर, लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को पद से हटाने के लिए विपक्षी दल प्रस्ताव लाने की तैयारी कर रहे हैं। सूत्रों की मानें तो संविधान के अनुच्छेद 94-सी के तहत यह प्रस्ताव लाया जा सकता है। अब तक 103 सांसद इस पर हस्ताक्षर कर चुके हैं। संसद में बजट सत्र से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
