दिल्ली स्थित भारत मंडपम में इंडियन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को AI समिट 2026 में भारत-अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने टी-शर्ट उतारकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विरोधी नारे लगाए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए कहा- ‘PM इज कंप्रोमाइज्ड’। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के कई वीडियो भी सामने आए हैं। इसमें 15-20 की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भीड़ हाथ में सफेद रंग की टी-शर्ट लिए हुए हैं। टी-शर्ट पर PM मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की फोटो लगी है। उसपर लिखा है- PM इज कंप्रोमाइज्ड। दिल्ली पुलिस का कहना है कि वह इंडियन यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर रही है। अब तक चार से पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस यह जांच कर रही है कि कांग्रेस कार्यकर्ता भारत मंडपम में अंदर कैसे आए क्योंकि एंट्री के लिए पास या क्यूआर कोड अनिवार्य किया गया है। AI समिट में प्रदर्शन की 4 तस्वीरें… 2026 इंडिया AI इंपैक्ट समिट नई दिल्ली के भारत मंडपम में 16 फरवरी 2026 से शुरू हुआ। यह 20 फरवरी तक होना था लेकिन भीड़ और आयोजनों के चलते इसे 21 फरवरी 2026 तक बढ़ा दिया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 16 फरवरी को समिट का उद्घाटन किया था। यहां दुनियाभर की कंपनियों ने अपने लेटेस्ट AI सॉल्यूशंस को दुनिया के सामने पेश किया है। यहां आम लोग देख सकते हैं कि AI असल जिंदगी में कैसे काम करता है और भविष्य में AI से खेती, सेहत और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में क्या बदलाव लाने वाला है। इसमें कितने देश शामिल हुए? इस समिट में 100 से अधिक देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यक्रम में लगभग 20 से अधिक राष्ट्राध्यक्ष, 60 से ज़्यादा मंत्री, और 45 से ऊपर तकनीकी कंपनियों के प्रमुख भी उपस्थित थे। इसके अलावा 300+ प्रदर्शक और 30+ देशों की थीम पवेलियन्स भी समिट का हिस्सा रहे हैं, जो वैश्विक साझेदारी और AI के उपयोग को बढ़ावा दे रहे हैं। संक्षेप में, दिल्ली में आयोजित यह AI समिट न सिर्फ तकनीक के भविष्य पर वैश्विक चर्चा का मंच है, बल्कि यह भारत को AI विकास और नीति निर्माण में एक महत्वपूर्ण वैश्विक नेता के रूप में स्थापित करने का प्रयास भी है।
