पंजाब में गुरदासपुर के डेरा बाबा नानक में धमाका हुआ है। यह धमाका एक पुलिसकर्मी के घर के करीब किया गया है। गांव रायमल में हुए इस धमाके की पुष्टि करते हुए बटाला के SSP सुहेल कासिम मीर ने कहा कि यह लो इंटेसिटी धमाका था। पुलिस ने इसकी जांच शुरू कर दी है। मौके पर फोरेंसिक टीमें भी बुला ली गई हैं। पंजाब में अभी तक खालिस्तानी आतंकी संगठन पुलिस चौकी-थानों को निशाना बना रहे थे। अब पहली बार किसी पुलिसकर्मी के घर के पास धमाका किया गया है। पंजाब में इससे पहले 11 धमाके हो चुके हैं। एसएसपी बटाला सुहेल कासिम मीर ने जानकारी दी कि ये एक लो-इंटेंसिटी धमाका था। ग्रेनेड हमला कहना अभी जल्दबाजी होगी। धमाके की जांच की जा रही है। इसके बाद ही अधिक जानकारी सांझा की जा सकती है। पंजाब में इससे पहले हो चुके 11 धमाके 24 नवंबर- अजनाला थाने के बाहर RDX लगाया गया था। हालांकि, यह फटा नहीं। इसकी जिम्मेदारी हैप्पी पासियां ने ली थी, जबकि इस मामले में पुलिस 2 आरोपियों को पकड़ चुकी है। उनसे हैंड ग्रेनेड भी बरामद किए गए थे। 27 नवंबर- गुरबख्श नगर में बंद पुलिस चौकी में ग्रेनेड विस्फोट हुआ था। यह हमला भी बंद चौकी में हुआ था। 2 दिसंबर- एसबीएस नगर के काठगढ़ थाने में ग्रेनेड विस्फोट हुआ था। इस मामले में भी पुलिस ने 3 आतंकियों को गिरफ्तार किया था और उनसे हथियार बरामद किए गए थे। 4 दिसंबर- मजीठा थाने में ग्रेनेड विस्फोट हुआ तो पुलिस ने हमला मानने से ही इनकार कर दिया। पुलिस का कहना था कि उनके एक कर्मी की बाइक का टायर फटा है। हालांकि, इलाके के पूर्व विधायक बिक्रम मजीठिया ने थाने की तस्वीरों के साथ इसे आतंकी घटना बताया था। 13 दिसंबर- अलीवाल बटाला थाने में ग्रेनेड विस्फोट हुआ था। इस घटना की जिम्मेदारी भी हैप्पी पासियां और उसके साथी ने ली थी। इस घटना को भी रात के समय ही अंजाम दिया गया। 17 दिसंबर- इस्लामाबाद थाने में ग्रेनेड विस्फोट किया गया। सुबह जब खबर फैली तो पुलिस कमिश्नर और लोकल पुलिस ने इसे ब्लास्ट नहीं बताया, लेकिन दोपहर DGP पंजाब खुद अमृतसर पहुंचे और उन्होंने माना कि यह एक आतंकी घटना थी और बम फोड़ा गया था। 19 दिसंबर- पंजाब के भारत-पाकिस्तान बॉर्डर से सटे गुरदासपुर जिले की बंद पड़ी पुलिस चौकी बख्शीवाला पर आतंकी हमला हुआ। पुलिस द्वारा किसी मामले में जब्त किए गए ऑटो पर आतंकियों ने ग्रेनेड फेंका। 21 दिसंबर- गुरदासपुर के कलानौर क्षेत्र में बंगा वडाला गांव की पुलिस चौकी रात को धमाके से दहल गई। इस हमले की जिम्मेदारी भी बब्बर खालसा इंटरनेशनल ने ली थी। 19 जनवरी- अमृतसर की गुमटाला चौकी पर धमाका हुआ था। बब्बर खालसा इंटरनेशनल ने इसकी जिम्मेदारी ली थी। 16 जनवरी- अमृतसर जिले के गांव जैंतीपुर में रात को शराब कारोबारी अमनदीप जैंतीपुरिया के घर पर ग्रेनेड हमला हुआ। 3 फरवरी- अमृतसर के फतेहगढ़ चूडियां रोड स्थित बंद पड़ी पुलिस चौकी को आतंकियों ने निशाना बनाया था। ये भी लो इंटेंसिटी धमाका था और पुलिस ने इसे ग्रेनेड हमला मानने से मना किया था।
