पूर्व-बस ड्राइवर के घर 28 करोड़ कैश, 15kg सोना मिला:गिरफ्तार, बंगाल के बीरभूम का मामला; आरोपी के रिश्तेदार का पूर्व TMC नेता से संबंध

पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में पुलिस ने बुधवार रात एक छापेमारी में ₹28 करोड़ से ज्यादा कैश और 15 किलो सोना बरामद किया है। सोने की कीमत करीब ₹21 करोड़ आंकी गई है। इस तरह कुल बरामदगी करीब ₹49 करोड़ की है। नोटों का ढेर इतना बड़ा था कि उन्हें गिनते-गिनते 5 करेंसी काउंटिंग मशीनें खराब हो गईं। पुलिस ने आरोपी मिनार मंडल को गिरफ्तार किया है। वह पहले बस ड्राइवर था। बाद में वह स्टोन कारोबार से जुड़ गया। पुलिस के मुताबिक, वह पत्थर कारोबारी तुलु मंडल उर्फ मोहम्मद नजीबुद्दीन का रिश्तेदार है। तुलु मंडल वही शख्स है, जिसने 2024 में अपनी बेटी की करीब ₹100 करोड़ की आलीशान शादी कराई थी। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि करोड़ों रुपए कैश और सोना कहां से आया और इसके पीछे किसका नेटवर्क काम कर रहा था। वहीं, बंगाल के मुंख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा है कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने सराहनीय काम किया है। उन्होंने छापेमारी की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर शेयर कीं। तुलु मंडल पूर्व TMC नेता अनुब्रत मंडल का करीबी मिनार मंडल पहले राज्य परिवहन विभाग में बस ड्राइवर के तौर पर काम करता था। बाद में उसने पत्थर के कारोबार में कदम रखा। पुलिस के मुताबिक, वह पत्थर कारोबारी तुलु मंडल का रिश्तेदार है। वह उसके स्टोन क्वारी और क्रशिंग यूनिट्स से भी जुड़ा हुआ था। तुलु मंडल को पूर्व TMC नेता अनुब्रत मंडल का करीबी माना जाता है। अनुब्रत इसी महीने TMC के बागी ऋतब्रत बनर्जी गुट में शामिल हो गए थे। पहले ₹5.5 करोड़ कैश मिला, गिनती तक आंकड़ा ₹28 करोड़ हुआ पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बुधवार रात मिनार मंडल के घर पर छापेमारी शुरू की। शुरुआत में करीब ₹5.5 करोड़ कैश मिला, लेकिन नोटों की गिनती पूरी होने तक रकम ₹28 करोड़ से ज्यादा पहुंच गई। कार्रवाई के दौरान 15 किलो सोना भी बरामद हुआ, जिसकी बाजार कीमत करीब ₹21 करोड़ बताई जा रही है। इस तरह कुल बरामदगी करीब ₹49 करोड़ की हो गई। इतनी बड़ी मात्रा में नोट मिलने के कारण उन्हें गिनने में कई घंटे लगे और इस दौरान 5 करेंसी काउंटिंग मशीनें खराब हो गईं। मिनार मंडल ने कहा- कैश और सोना तुलु मंडल का है गिरफ्तारी के बाद मिनार मंडल ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि बरामद नकदी और सोना तुलु मंडल और उसके अवैध सिंडिकेट का है। इसके बाद पुलिस ने पूरे नेटवर्क की जांच तेज कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में नकदी कहां से आई और इसका असली स्रोत क्या है। सीनियर पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी रात छापेमारी और गिनती का काम चलता रहा। हालांकि, पुलिस ने अभी तक आधिकारिक तौर पर यह नहीं बताया है कि कार्रवाई किस विशेष सूचना के आधार पर की गई और इसका संबंध किन अवैध वित्तीय लेन-देन या अन्य गैरकानूनी गतिविधियों से है। CM बोले- जनता की संपत्ति लूटने वालों को बख्शा नहीं जाएगा बंगाल के CM शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति जारी रहेगी। उन्होंने सोशल मीडिया पर पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए इसे रेत माफिया और अवैध सिंडिकेट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई बताया। उन्होंने लिखा कि मोहम्मद बाजार थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर रेत माफिया तुलु मंडल उर्फ मोहम्मद नजीबुद्दीन के ठिकाने पर छापा मारा गया। यहां से करोड़ों रुपये नकद और 15 किलो सोना बरामद हुआ। उन्होंने कहा कि जनता की संपत्ति लूटने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और माफिया सिंडिकेट के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। TMC के दोनों गुट एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे इतनी बड़ी बरामदगी के बाद तृणमूल कांग्रेस के भीतर भी सियासी घमासान शुरू हो गया है। पार्टी के दोनों गुट एक-दूसरे पर आरोपी से संबंध होने के आरोप लगा रहे हैं। TMC विधायक कुणाल घोष ने कहा कि जिन लोगों के घर से पैसा मिला है, वे कुछ ऐसे नेताओं के करीबी बताए जा रहे हैं जो खुद को ‘अच्छी TMC’ बताते हैं। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़े तो उन नेताओं से भी पूछताछ की जानी चाहिए। TMC सांसद कल्याण बनर्जी ने अनुब्रत मंडल का नाम लिए बिना कहा- बीरभूम लंबे समय तक एक पूर्व TMC मंत्री और ‘बीरभूम के टाइगर’ का गढ़ माना जाता था। अब मुख्यमंत्री को जांच कर यह पता लगाना चाहिए कि आरोपियों के उन प्रभावशाली नेताओं से क्या संबंध थे। वहीं, ऋतब्रत गुट के समर्थक और TMC विधायक प्रसून बनर्जी ने कहा कि इतनी बड़ी बरामदगी के लिए पुलिस की सराहना होनी चाहिए। साथ ही यह भी जांच होनी चाहिए कि यह पैसा किसका है और इसमें कौन-कौन शामिल है। तुलु मंडल की बेटी की ₹100 करोड़ की शादी फिर चर्चा में इस कार्रवाई के बाद 2024 में तुलु मंडल की बेटी की आलीशान शादी फिर चर्चा में आ गई है। सूत्रों के मुताबिक, इस शादी पर करीब ₹100 करोड़ खर्च किए गए थे। शादी में बंगाली फिल्म इंडस्ट्री के साथ-साथ बॉलीवुड एक्टर अरबाज खान और एक्ट्रेस जरीन खान भी शामिल हुई थीं।

More From Author

मूंछ पर ताव देने के विवाद में युवक का मर्डर:पिता-बेटे ने मिलकर लोहे के पाइप से हाथ-पैर तोड़ा, बॉडी पर 20 फ्रैक्चर मिले

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *