मूंछ पर ताव देने के विवाद में युवक का मर्डर:पिता-बेटे ने मिलकर लोहे के पाइप से हाथ-पैर तोड़ा, बॉडी पर 20 फ्रैक्चर मिले

छत्तीसगढ़ के बलोद जिले में मूंछ पर ताव देने के विवाद में पिता और बेटे ने मिलकर एक युवक को मार डाला। दोनों ने लोहे के पाइप से पीट-पीटकर हितेश सिन्हा (30) की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश थी। आरोप है कि हितेश ने गला काटने का इशारा किया था, जिससे दोनों भड़क गए। आरोपियों ने पहले उसकी बाइक को टक्कर मारकर उसे सड़क पर गिरा दिया। इसके बाद लोहे के पाइप से हमला कर उसके हाथ-पैर तोड़ दिए। गंभीर हालत में उसे रायपुर रेफर किया गया था। इलाज के दौरान करीब 18 घंटे बाद बुधवार दोपहर युवक की मौत हो गई। शुरुआती जांच में युवक के बॉडी पर 20 से ज्यादा फ्रैक्चर मिले हैं। मामला देवरी थाना क्षेत्र के ग्राम खैरा का है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। देखिए पहले ये तस्वीरें… पढ़िए हत्या की सिलसिलेवार पूरी कहानी… जानकारी के मुताबिक, हितेश सिन्हा (30) और गांव के ही हीरामन सिन्हा (51) के बीच साल 2022 से विवाद चल रहा था। दोनों किसान हैं। दोनों परिवारों के बीच कई बार झगड़े हुए। एक-दूसरे के खिलाफ थाने में शिकायतें की गईं और FIR भी दर्ज कराई गई थी। इसी पुरानी रंजिश के चलते 28 जुलाई की शाम दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए। इस बार विवाद इतना बढ़ा कि हीरामन सिन्हा और बेटे कामेंद्र सिन्हा (26) ने मिलकर हितेश पर जानलेवा हमला कर दिया। तालाब के पास हुई वारदात शिकायतकर्ता और हितेश सिन्हा के रिश्तेदार गौरव सिन्हा ने बताया कि वह अर्जुन्दा में जूते-चप्पल की दुकान चलाता है। उसकी बाइक खराब होने के कारण उसने हितेश से बाइक मांगी थी। 28 जुलाई की शाम हितेश बाइक लेकर उसे लेने पहुंचा। उसके साथ गांव का प्रकाश निषाद भी था। गौरव बाइक चला रहा था, जबकि हितेश और प्रकाश पीछे बैठे थे। शाम करीब 6 बजे जब तीनों ग्राम खैरा के तालाब के पास मुरूम मैदान के पास पहुंचे, तभी सामने से हीरामन सिन्हा और उसका बेटा कामेन्द्र सिन्हा बाइक से आए। उनके पास लोहे का पाइप भी था। पहले टक्कर मारी, फिर शुरू कर दी पिटाई गौरव के मुताबिक, पुरानी रंजिश के चलते कामेन्द्र ने जानबूझकर उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों सड़क पर गिर गए। इसके बाद पिता-बेटे ने लोहे की पाइप से हमला शुरू कर दिया। पहले उनके पैरों पर वार किया, फिर हितेश को घेरकर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। हाथ-पैर तोड़ दिए, बेहोश होने तक पीटते रहे गौरव ने बताया कि दोनों आरोपी लगातार लोहे की पाइप से हितेश के हाथ-पैर पर वार करते रहे। करीब 20 मिनट तक मारपीट होती रही। गंभीर चोटों के कारण हितेश के हाथ-पैर से खून बहने लगा और वह बेहोश हो गया। इसके बाद आरोपी उसे अधमरा छोड़कर मौके से फरार हो गए। मदद के लिए चीखता रहा रिश्तेदार गौरव ने बताया कि वह लगातार लोगों से मदद की गुहार लगाता रहा, लेकिन आसपास मौजूद लोग और राहगीर तमाशबीन बने रहे। जब उसने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो हीरामन ने उस पर भी पाइप से हमला कर दिया। वार उसके बाएं पैर में लगा, जिससे वह भी घायल हो गया। वहीं तीसरा साथी प्रकाश निषाद डरकर कुछ दूरी पर हट गया। घटना के बाद गौरव ने डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल हितेश को पहले देवरी अस्पताल ले जाया गया। वहां से प्राथमिक इलाज के बाद उसे रायपुर रेफर कर दिया गया। 18 घंटे बाद इलाज के दौरान मौत गंभीर चोटों के कारण हितेश की हालत लगातार बिगड़ती गई। परिजनों ने उसका इलाज कराया, लेकिन करीब 18 घंटे बाद 29 जुलाई को रायपुर में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। गांव के ही मुक्तिधाम में उसका अंतिम संस्कार किया गया। मूंछ पर ताव और गला काटने के इशारे से भड़का विवाद पुलिस पूछताछ में आरोपी हीरामन सिन्हा ने बताया कि 28 जुलाई दोपहर करीब 3 बजे उसने हितेश को गांव में देखा था। आरोप है कि हितेश ने उसे देखकर मूंछ पर ताव दिया और गले पर हाथ फेरकर गला काटने का इशारा किया। इसी बात से नाराज होकर उसने अपने बेटे कामेन्द्र के साथ मिलकर हमला किया। आरोपी ने यह भी बताया कि मृतक उनके खेत में निंदानाशक दवा डालकर फसल को नुकसान पहुंचाता था, जिससे दोनों परिवारों के बीच विवाद और बढ़ गया था। दोनों पक्षों के खिलाफ पहले से दर्ज थीं FIR पुलिस के मुताबिक, साल 2022 से दोनों पक्षों के बीच लगातार विवाद चल रहा था। हीरामन ने हितेश के खिलाफ देवरी थाने में तीन FIR दर्ज कराई थीं, जबकि हितेश की ओर से भी हीरामन के खिलाफ एक FIR दर्ज कराई गई थी। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, हितेश के खिलाफ देवरी थाना क्षेत्र में विवाद से जुड़े पांच FIR और तीन प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी दर्ज थीं। पुलिस पुराने विवाद और दोनों पक्षों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। हत्या के प्रयास से हत्या का मामला बना देवरी थाना प्रभारी मनीष शेंडे ने बताया कि शुरुआत में आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 109 और 3(5) के तहत हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था। इलाज के दौरान हितेश की मौत होने के बाद मामले में BNS की धारा 103 (हत्या) जोड़ दी गई है। पुलिस ने आरोपी पिता हीरामन सिन्हा और बेटे कामेन्द्र सिन्हा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले की आगे जांच जारी है। ………………………. क्राइम से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… पत्थर-सब्बल-लाठी से पीट-पीटकर किसान को मार डाला, LIVE VIDEO: पड़ोसी ने बेटों संग मिलकर की हत्या; बिलासपुर में रास्ता बनाने को लेकर हुआ विवाद छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक किसान की हत्या का लाइव वीडियो सामने आया है, जिसमें पड़ोस के एक ही परिवार के चार लोगों ने मिलकर पत्थर, लाठी और सब्बल से किसान युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी। हत्या का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। कब्जे की जमीन पर रास्ता बनाने को लेकर दो पक्ष में विवाद हुआ था। पढ़ें पूरी खबर…

More From Author

मैग्मा जनरल इंश्योरेंस कंपनी को पतंजलि ग्रुप खरीदेगा:IRDAI से मंजूरी मिली, मार्च 2025 में हुई थी डील; 3 महीने में पूरी होगी प्रोसेस

पूर्व-बस ड्राइवर के घर 28 करोड़ कैश, 15kg सोना मिला:गिरफ्तार, बंगाल के बीरभूम का मामला; आरोपी के रिश्तेदार का पूर्व TMC नेता से संबंध

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *