रील्स बनाने के लिए युवकों का खतरनाक स्टंट, VIDEO:बिलासपुर में डैम में लगा रहे छलांग, पुलिस ने कान पकड़वाकर कराई उठक-बैठक

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में लगातार हो रही बारिश के कारण नदी-नाले और बांध उफान पर हैं। इसके बावजूद कई युवक अपनी जान जोखिम में डालकर नदी और डैम में छलांग लगाते हुए खतरनाक स्टंट कर रहे हैं। इन स्टंट के वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहे हैं। ऐसी खतरनाक हरकतों पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। रतनपुर और कोटा पुलिस ने बांध में स्टंट कर रहे युवकों को पकड़कर कान पकड़वाकर उठक-बैठक कराई। साथ ही भविष्य में दोबारा ऐसी हरकत नहीं करने की सख्त चेतावनी देकर उन्हें छोड़ दिया। दरअसल, सोशल मीडिया पर लाइक्स, कमेंट्स और फॉलोअर्स बढ़ाने की होड़ में युवा खतरनाक रील्स बना रहे हैं। इसके लिए वे अपनी जान जोखिम में डालकर नदी और डैम में स्टंट कर रहे हैं। पुलिस लगातार बांध और नदी किनारे निगरानी कर लोगों को समझाइश दे रही है। देखिए पहले ये तस्वीरें- रतनपुर और कोटा में पुलिस ने सिखाया सबक सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में रतनपुर और कोटा क्षेत्र के डैम के पास युवक खतरनाक स्टंट करते नजर आ रहे हैं। रतनपुर के खूंटाघाट बांध के वेस्ट वीयर में बहते पानी के बीच युवक ऊपर से छलांग लगा रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्टंट कर रहे युवकों को पकड़ लिया। पुलिस ने उनसे कान पकड़वाकर उठक-बैठक कराई, भविष्य में ऐसी हरकत दोबारा नहीं करने की चेतावनी दी और अपनी सुरक्षा का ध्यान रखने की शपथ भी दिलाई। पचरीघाट चेकडैम में नाबालिगों की खतरनाक छलांग पचरीघाट के नए चेकडैम में भी नाबालिग लड़कों के पुल से सीधे नदी में छलांग लगाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। बताया जा रहा है कि ऐसे स्थानों पर पानी की गहराई और नीचे की स्थिति का सही अंदाजा नहीं होता। वीडियो में एक युवक पूरे घटनाक्रम की रिकॉर्डिंग करते हुए भी दिखाई दे रहा है। खूंटाघाट, कोरी डैम और घाटों पर बढ़ रही भीड़ बरसात के मौसम में खूंटाघाट, कोरी डैम, पचरीघाट और अन्य जलाशयों पर बड़ी संख्या में लोग घूमने पहुंच रहे हैं। इनमें से कई लोग रोमांच के लिए ऊंचाई से पानी में छलांग लगाकर वीडियो बनाते हैं और फिर उन्हें सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हैं। ऐसे वीडियो देखकर दूसरे युवक भी उनकी नकल करने लगते हैं। पुलिस की बढ़ी निगरानी, दी जा रही समझाइश लगातार सामने आ रहे मामलों को देखते हुए पुलिस ने डैम, घाट और नदी किनारे संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी है। पुलिस नियमित गश्त कर लोगों को समझाइश दे रही है। साथ ही, जान जोखिम में डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जरूरत पड़ने पर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नदी और डैम में अचानक जलस्तर बढ़ सकता है। कई जगह पानी के नीचे गहरे गड्ढे, चट्टानें और तेज बहाव होता है, जो ऊपर से दिखाई नहीं देता। ऐसे में ऊंचाई से छलांग लगाना गंभीर हादसे का कारण बन सकता है। हर वर्ष बरसात के मौसम में इस तरह की लापरवाही से कई लोगों की जान चली जाती है। ASP बोलीं- पेरेंट्स भी रखें बच्चों पर नजर ASP (ग्रामीण) मधुलिका सिंह ने कहा कि पुलिस लगातार लोगों से अपील कर रही है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए अपनी जान जोखिम में न डालें। नदी, डैम और चेकडैम जैसे स्थानों पर खतरनाक स्टंट करने से बचें।

More From Author

सिजेरियन के बाद महिला के पेट में छोड़ा सर्जिकल धागा:पेट में तेज दर्द और उल्टी हुई, CMHO ने पेंडलवार नर्सिंग होम को नोटिस थमाया

सरकार ने माना- ई-20 पेट्रोल से BS-3 गाड़ियों को नुकसान:राज्यसभा में गडकरी बोले- कुछ रबर पार्ट्स बदलने पड़ सकते हैं, इंजन बदलने की जरूरत नहीं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *