रहाणे का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास:बोले- अब नया पड़ाव; 2020 के ऑस्ट्रेलिया दौरे में कप्तानी की, मेलबर्न में सेंचुरी, सीरीज 2-1 जीते

भारतीय बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी है। भारत के लिए 85 टेस्ट, 90 वनडे और 20 टी-20 खेल चुके रहाणे ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो जारी कर इस फैसले की जानकारी दी। रहाणे ने कहा कि अब उनके लिए आगे बढ़ने का यही सही समय है। शुरुआत होती है और एक अंत भी होता है रहाणे ने वीडियो में कहा, जिंदगी की सच्चाई यही है कि हर चीज की शुरुआत होती है और अंत भी होता है। जब समय आता है, तो हमें बस उसका सम्मान करना होता है और आगे बढ़ना होता है। मैंने अपनी बल्लेबाजी में हमेशा टाइमिंग पर भरोसा किया है और इसकी अहमियत समझी है। आज मुझे लगता है कि इंटरनेशनल क्रिकेट और सभी फॉर्मेट से संन्यास लेने का यह सही समय है। अगली पीढ़ी की मदद करेंगे रहाणे संन्यास के बाद अपनी भविष्य की योजनाओं पर बात करते हुए रहाणे ने स्पष्ट किया कि खेल के साथ उनका सफर खत्म नहीं हुआ है। उन्होंने कहा, एक भारतीय क्रिकेटर के रूप में मेरा अध्याय भले ही समाप्त हो रहा हो, लेकिन इस खेल के साथ मेरी यात्रा जारी रहेगी। मैं अगली पीढ़ी की मदद करने, इस खेल से सीखे मूल्यों को साझा करने और उस खेल को वापस लौटाने के लिए तत्पर हूं जिसने मुझे सब कुछ दिया है। रहाणे की कप्तानी बनी यादगार रहाणे के करियर का सबसे सुनहरा अध्याय 2020-21 के ऑस्ट्रेलिया दौरे पर लिखा गया। एडिलेड टेस्ट में भारत के 36 रन पर ऑलआउट होने और विराट कोहली के लौटने के बाद रहाणे ने कप्तानी संभाली। मेलबर्न में शतक लगाकर उन्होंने भारत को जीत दिलाई और सीरीज 1-1 से बराबर की। रहाणे की कप्तानी में भारत ने गाबा में ऐतिहासिक जीत दर्ज कर ऑस्ट्रेलिया को 2-1 से सीरीज हराई और उसका 32 साल पुराना अजेय रिकॉर्ड तोड़ा। 2011 में इंटरनेशनल डेब्यू, 2023 में खेला आखिरी टेस्ट रहाणे ने भारत के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट में 2011 में डेब्यू किया था। उन्होंने पहला वनडे 3 सितंबर 2011 को इंग्लैंड के खिलाफ चेस्टर-ले-स्ट्रीट में खेला, जबकि टी-20 इंटरनेशनल में डेब्यू 31 अगस्त 2011 को मैनचेस्टर में इंग्लैंड के खिलाफ किया। रहाणे ने टेस्ट क्रिकेट में 22 मार्च 2013 को दिल्ली में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहला मैच खेला। उनका आखिरी टेस्ट 20-24 जुलाई 2023 के बीच पोर्ट ऑफ स्पेन में वेस्टइंडीज के खिलाफ रहा। वनडे में उन्होंने अपना आखिरी मुकाबला 16 फरवरी 2018 को सेंचुरियन में साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेला, जबकि टी-20 इंटरनेशनल में आखिरी बार 28 अगस्त 2016 को लॉडरहिल में वेस्टइंडीज के खिलाफ भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया। 6 टेस्ट में कप्तानी की और 4 जीते रहाणे ने क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में टीम इंडिया की कप्तानी की। टेस्ट क्रिकेट में रहाणे ने 6 मैचों में भारत की कप्तानी की। इनमें टीम ने 4 मुकाबले जीते, जबकि 2 टेस्ट ड्रॉ रहे। वनडे में उन्होंने 3 मैचों में टीम की कमान संभाली और भारत ने तीनों मुकाबले जीते। वहीं, टी-20 इंटरनेशनल में रहाणे ने 2 मैचों में कप्तानी की, जिसमें भारत को 1 जीत और 1 हार मिली। ———————- स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें… नीरज चोपड़ा कॉमनवेल्थ गेम्स में 8 साल बाद खेलेंगे भारत के जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा कॉमनवेल्थ गेम्स में 8 साल बाद आज उतरेंगे। गेम्स के आठवें दिन वे जैवलिन थ्रो के क्वालिफाइंग राउंड में खेलेंगे। नीरज की सबसे बड़ी चुनौती पाकिस्तान के ओलिंपिक चैंपियन अरशद नदीम होंगे। पूरी खबर…

More From Author

पेपर लीक से जुड़ा बिल आज राज्यसभा में पेश होगा:खड़गे बोलेंगे; संसद के बाहर राम मंदिर चंदा चोरी को लेकर प्रदर्शन करेंगे विपक्षी सांसद

वर्ल्ड स्क्वॉश जूनियर टीम चैंपियनशिप:भारतीय पुरुष टीम सेमीफाइनल में पहुंची, महिला टीम USA से 1-2 से हारकर टूर्नामेंट से बाहर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *