छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में 8 साल की बच्ची से रेप का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामला लैलूंगा थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, बच्ची के माता-पिता रोजगार के सिलसिले में दूसरे राज्य में रहते हैं। बच्ची अपनी दादी के साथ रहती है। शिकायत के मुताबिक, सोमवार शाम दादी खेत में रोपाई करने गई थीं और बच्ची घर पर अकेली थी। वापस लौटने पर बच्ची रो रही थी। पूछने पर उसने बताया कि पड़ोस में रहने वाला 25 साल के युवक घर में घुसा और उसके साथ गलत काम किया। दादी की शिकायत पर लैलूंगा थाना पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। फरार होने से पहले आरोपी गिरफ्तार जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी फरार होने की तैयारी में है। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर ग्राम लिबरा के पास से उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। SSP बोले- ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई होगी एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिला-बाल अपराधों के मामलों में पुलिस संवेदनशीलता और कानून के अनुसार त्वरित कार्रवाई कर रही है। ऐसे गंभीर मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और पीड़ित को शीघ्र न्याय दिलाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करना पुलिस की प्राथमिकता है।
