बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त का बर्थडे सेलिब्रेट करने की परमिशन लेने एक फैन हाईकोर्ट पहुंचा है। बिलासपुर के रहने वाले गुरुदेव अवस्थी (चित्तू अवस्थी) पिछले 34 सालों से संजू बाबा का बर्थडे मनाते आ रहे हैं, वे अपनी कमाई का 25% हिस्सा सेलिब्रेशन में खर्च करते हैं। पिछले साल बिलासपुर के मध्य नगरी चौक पर सड़क जाम कर उन्होंने संजय दत्त का बर्थडे मनाया था, जिसके बाद ट्रैफिक नियमों को तोड़ने के आरोप में पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया था। इस साल उन्होंने बकायदा हाईकोर्ट से परमिशन मांगी है। कोर्ट ने सशर्त अनुमति दी है। पिछले साल सेलिब्रेशन की फोटो देखिए… SDM ने नहीं दी अनुमति याचिकाकर्ता गुरुदेव अवस्थी ने 20 जुलाई को अभिनेता संजय दत्त का जन्मदिन मनाने के लिए बिलासपुर के अनुविभागीय अधिकारी के समक्ष आवेदन दिया था। लेकिन एसडीएम ने 21 जुलाई 2026 को आवेदन यह कहते हुए खारिज कर दिया कि याचिकाकर्ता ने पिछले साल मध्य नगरी चौक बिलासपुर की मुख्य सड़क पर जश्न मनाया था, जिससे यातायात ठप हो गया था और कानून-व्यवस्था की स्थिति निर्मित हो गई थी। हाईकोर्ट में लगाई याचिका एसडीएम ने जन्मदिन मनाने संबंधी आदेश नहीं दिए जाने पर गुरुदेव अवस्थी (चित्तू अवस्थी) ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की। जिस पर जस्टिस ए.के. प्रसाद की सिंगल बेंच में सुनवाई हुई। याचिकाकर्ता की ओर से कोर्ट को आश्वस्त किया गया, कि इस बार कार्यक्रम किसी सार्वजनिक सड़क या चौक पर नहीं, बल्कि शहर से लगभग 7 किलोमीटर दूर कोनी स्थित ‘द कंट्री क्लब’ के निजी और बंद हॉल में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कोर्ट को आश्वस्त किया कि कार्यक्रम से जनता को कोई परेशानी नहीं होगी और ध्वनि प्रदूषण और पर्यावरण से जुड़े सभी नियमों का पालन किया जाएगा। शहर से दूर सेलिब्रेशन की मिली अनुमति सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने संजय दत्त के प्रशंसकों को बिलासपुर शहर से दूर एक निजी परिसर में जन्मदिन समारोह आयोजित करने की अनुमति दे दी। कोर्ट ने सख्त हिदायत दी है कि सार्वजनिक सड़क पर किसी भी तरह का व्यवधान या शोर-शराबा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जस्टिस ए.के. प्रसाद की सिंगल बेंच ने सशर्त आदेश जारी किया है। नियमानुसार दी गई अनुमति राज्य सरकार की ओर से पैरवी करते हुए डिप्टी गवर्नमेंट एडवोकेट शोभित मिश्रा ने कहा चूंकि आयोजन स्थल अब एक निजी हॉल है और याचिकाकर्ता शर्तों के पालन का शपथ पत्र दे रहा है, इसलिए प्रशासन को नियमानुसार अनुमति देने पर कोई आपत्ति नहीं है। पिछले साल हाईकोर्ट ने लिया था संज्ञान बता दें, बीते साल शहर के सबसे व्यस्तम इलाके में से एक मध्यनगरी चौक पर प्रशंसकों ने संजय दत्त का बर्थ डे सेलिब्रेट किया था। इसके चलते सड़क जाम की स्थिति बन गई थी। मीडिया में प्रकाशित खबरों को संज्ञान में लेते हुए हाईकोर्ट ने कलेक्टर सहित आला अधिकारियों को तलब कर नाराजगी जताई थी। हाई कोर्ट की नाराजगी के चलते एसडीएम ने इस बार जन्मदिन मनाने की अनुमति नहीं दी थी। ……………… इससे जुड़ी खबर भी पढ़ें… सड़क जामकर संजय दत्त का बर्थडे सेलिब्रेशन…VIDEO: ‘संजू बाबा’ का फैन अरेस्ट, 33 साल से मना रहा जन्मदिन, कमाई का 25% पैसा करता है खर्च छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त का जबरा फैन कहे जाने वाले चुट्टू अवस्थी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। 29 जुलाई को मध्य नगरी चौक पर सड़क जामकर संजू बाबा का बर्थडे सेलिब्रेट किया था। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। पढ़ें पूरी खबर…
