छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के लैलूंगा ब्लॉक स्थित शासकीय हाई स्कूल कूपाकानी में सरकारी योजना के तहत छात्राओं को साइकिलें बांटी जानी थीं। इसके लिए सभी तैयारियां कर ली गई थीं। तभी भाजयुमो के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत वहां पहुंचे और साइकिलों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए उनका वितरण करने से साफ इनकार कर दिया। रवि भगत ने कहा कि साइकिल पर ‘हीरो’ लिखा है, जबकि उस पर ‘कावेरी’ का स्टीकर लगा है। उन्होंने बिल और रसीद दिखाने की मांग की, ताकि यह पता चल सके कि आखिर इनकी कीमत क्या है। विरोध के बाद स्कूल के प्राचार्य ने इसकी सूचना थाने में दी। इसके बाद पुलिस ने रवि भगत को हिरासत में ले लिया। हिरासत का भी रवि ने विरोध किया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें घसीटकर गाड़ी में बिठाया। इसका वीडियो भी सामने आया है। पहले देखिए तस्वीरें… अब जानिए पूरा मामला जानकारी के मुताबिक, ग्राम कूपाकानी के शासकीय हाई स्कूल में मंगलवार (28 जुलाई) को 7 छात्राओं को साइकिलें वितरित की जानी थीं। इसके लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया था। इसी दौरान रवि भगत वहां पहुंचे और साइकिलों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए हंगामा करने लगे। स्थिति को देखते हुए स्कूल के प्राचार्य ने उन्हें समझाने की कोशिश की कि शासन की योजना के तहत आई साइकिलों का वितरण किया जा रहा है। इसके बावजूद रवि भगत विरोध करते रहे और स्कूल परिसर में ही धरने पर बैठ गए। प्राचार्य ने उच्चाधिकारियों को दी जानकारी रवि भगत ने उच्चाधिकारियों को बुलाने की बात कहते हुए गुणवत्ता विहीन साइकिल को वितरण नहीं करने देने की बात कही। जिसके बाद प्राचार्य ने मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को देते हुए थाना में इसकी सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे और रवि भगत को हिरासत में लेकर थाना ले आए। जहां आगे की कार्रवाई की जा रही है। बच्चों को उनके हक से वंचित किया – रवि रवि भगत ने कहा कि साइकिल हीरो कंपनी की बताई गई, लेकिन उस पर कावेरी का स्टीकर लगा था। इस तरह की साइकिलें बांटना बच्चों के साथ अन्याय है। उन्हें गुमराह किया जा रहा है। स्कूल में सिखाया जाता है कि सच के लिए बोलिए, अपने हक के लिए बोलिए, लेकिन यहां बच्चों को उनके हक से वंचित किया जा रहा है। प्रशासन से अनुरोध है कि गरीब बच्चों का हक मत मारिए। उनके खातों में पैसे डाल दीजिए, ताकि वे अपनी पसंद की अच्छी साइकिल खरीद सकें। जनप्रतिनिधि बोले- विरोध करने वाले करेंगे ही लैलूंगा के जनपद उपाध्यक्ष मनोज अग्रवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सरकार में सरस्वती साइकिल योजना के तहत आज साइकिल बांटा जा रहा था। आमंत्रित करने पर हम यहां पहुंचे थे। सम्मान के साथ बच्चों को साइकिल दी गई, जिन्हें विरोध करना है वो तो करेंगे ही। जो भी प्रक्रिया होगी हम उसका पालन करेंगे ही। शासन स्तर पर खरीदी की जाती है लैलूंगा के ब्लॉक शिक्षा अधिकारी रवि सारथी ने बताया कि हमने इसकी जानकारी अपने उच्चाधिकारियों को दे दी है। साइकिलों की खरीद शासन स्तर पर की गई है, जिन्हें शासन की योजना के तहत वितरित किया जाना था। आज 7 साइकिलें बांटी जानी थीं। इसी दौरान रवि भगत ने इसका विरोध किया। इसके बाद प्राचार्य ने इसकी सूचना थाने में दी। ……………….. रवि भगत से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… भाजयुमो के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत ने भाजपा छोड़ी: सोशल-मीडिया पर वायरल हुआ इस्तीफा, निजी कारणों का जिक्र, पहले भी दिया गया था नोटिस रायगढ़ में आदिवासी सांसद को बंगला अलॉट नहीं: रवि भगत बोले-ये दुर्भाग्य,नाक रगड़ने से मिलेगा क्या हक, समाज जवाब देगा तो गूंज दूर तक जाएगी रवि भगत बोले- रायगढ़ में 2 सांसद, लेकिन पोस्टर्स से गायब: कहा- वीडियो जारी करने का अफसोस नहीं, DMF को लेकर सवाल उठाता रहूंगा
