राजधानी रायपुर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति अस्पताल (मेकाहारा) के इमरजेंसी वार्ड में मंगलवार दोपहर अचानक आग लग गई। आग लगने से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंची। फिलहाल, दमकल कर्मी आग बुझाने में जुटे हुए हैं। आग लगने के बाद इमरजेंसी वार्ड और आसपास के हिस्से में धुआं फैल गया। स्थिति को देखते हुए मरीजों और उनके रिश्तेदारों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया। अस्पताल के डॉक्टरों, स्टाफ और सुरक्षा कर्मियों ने राहत और बचाव कार्य में सहयोग किया। इसके बाद दमकल टीम को घटना की जानकारी दी गई। दमकल और पुलिस की टीम मौके पर मौजूद घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम अस्पताल पहुंची। दमकल कर्मी लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने में जुटे हुए हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। राहत की बात यह है कि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।
