मौसम का हाल:रायपुर में ढाई घंटे में 25 एमएम पानी 11 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी

बंगाल की खाड़ी में बने मजबूत सिस्टम से छत्तीसगढ़ में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। अगले दो दिन यानी 28 और 29 जुलाई को पूरे प्रदेश में बारिश होगी। इस दौरान 11 जिलों में कहीं-कहीं भारी से अतिभारी वर्षा हो सकती है। यानी 24 घंटे में 65 से 204 मिमी तक पानी गिरने की आशंका है। इस बीच, सोमवार को राजधानी रायपुर में दोपहर दो ढाई बजे के बाद मौसम अचानक बदल गया और काले बादल छा गए। इसी के साथ करीब 3 बजे तेज बारिश शुरू हो गई। करीब ढाई घंटे में शहर में 25 एमएम बारिश दर्ज हुई। इस बीच दृश्यता कम हो गई, जिससे दिन में रात जैसा नजारा हो गया। मौसम विभाग के अनुसार 28 जुलाई को रायगढ़, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार और महासमुंद में भारी से अतिभारी बारिश हो सकती है। 29 जुलाई को कबीरधाम, दुर्ग, राजनांदगांव, बेमेतरा, बालोद, कांकेर और नारायणपुर में ऐसा ही अलर्ट है। बाकी जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होगी। 30 जुलाई के लिए भारी बारिश की चेतावनी नहीं है। हालांकि नमी और स्थानीय प्रभाव से कुछ जगह हल्की बारिश हो सकती है। दरअसल, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और पश्चिम बंगाल-उत्तरी ओडिशा के तटीय क्षेत्र में गहरा अवदाब बना हुआ है। इसका असर अगले दो दिनों तक प्रदेश में रहेगा। सोमवार को भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश हुई। सबसे ज्यादा 81.3 मिमी वर्षा नवागढ़ में दर्ज की गई। राजधानी रायपुर में दोपहर बाद करीब 10 मिमी पानी गिरा। जिलों का हाल मोबाइल पर अलर्ट जारी, जांजगीर में मूसलाधार
रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़ और जांजगीर-चांपा सहित कई शहरों में लोगों के मोबाइल पर तेज बीप के साथ भारी बारिश का चेतावनी संदेश आया। पहली बार इस तरह का अलर्ट मिलने से कई लोग चौंक गए। जांजगीर में मोबाइल पर चेतावनी मिलने के पांच मिनट बाद ही मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। करीब एक घंटे तक तेज बारिश और बिजली की गर्जना जारी रही। दृश्यता घटने से हाईवे पर कई वाहन रुक गए। कोरबा में शाम 5:30 बजे घने बादलों और बिजली गुल होने से अंधेरा छा गया। धमतरी शहर में तेज बारिश के कारण कई इलाकों में एक से डेढ़ फीट पानी भर गया। प्रदेश में सामान्य से 21% कम बारिश
मानसून का लगभग आधा सीजन बीतने के बावजूद प्रदेश में बारिश का वितरण असंतुलित है। अब तक औसतन 411.8 मिमी बारिश हुई है, जबकि सामान्य वर्षा 519.1 मिमी होनी चाहिए थी। यानी प्रदेश में 21% कम पानी गिरा है और छत्तीसगढ़ ‘डेफिसिएंट’ श्रेणी में है। 33 जिलों में 15 में सामान्य, तीन में सामान्य से अधिक और एक में अत्यधिक बारिश हुई है। वहीं 14 जिले अब भी कमी झेल रहे हैं। सरगुजा में सामान्य से 51%, कांकेर में 48%, जशपुर में 47%, बेमेतरा में 43%, बस्तर में 42% तथा कोंडागांव और सुकमा में 41-41% कम बारिश हुई है। दूसरी ओर सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 64%, जांजगीर में 33%, बलौदाबाजार में 23% और महासमुंद में 20% अधिक वर्षा दर्ज की गई है।

More From Author

खबर हटके- एंबुलेंस में बारात लेकर पहुंचा दूल्हा:सिर पर उभर आया ‘दिमाग’; दांतों से कार खींचकर कांवड़ ला रहा भक्त

संसद में आज पेपर लीक कानून संशोधन बिल पर चर्चा:विपक्ष भी राजी; 6 घंटे का समय तय, दोपहर 12 बजे से शुरुआत हो सकती है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *