तीन सिस्टम सक्रिय:कई जिलों में झमाझम बारिश हुई, आज भी आसार

छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। पिछले 24 घंटे में सरगुजा, बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग के अधिकांश हिस्सों में बारिश हुई, जबकि कुछ स्थानों पर भारी और एक-दो स्थानों पर बहुत भारी वर्षा दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के अनुसार पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हुई। सबसे अधिक 190 मिमी वर्षा सूरजपुर में दर्ज की गई। इसके अलावा तमनार में 120 मिमी तथा अंबिकापुर, लटोरी और बरपाली में 100-100 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। रायपुर शहर में 80 मिमी, मोहला, मंदिर हसौद, सोनहत और रामानुजनगर में भी 80-80 मिमी वर्षा हुई। मौसम विभाग ने अगले दो दिन भी प्रदेश में मानसून सक्रिय रहने तथा मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। साथ ही मध्य एवं उत्तर छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश तथा गरज-चमक के साथ वज्रपात की चेतावनी दी गई है। अगले दो दिन तक पूरे प्रदेश में मानसून सक्रिय रहने की संभावना जताई गई है। मानसून द्रोणिका के साथ दो और सिस्टम सक्रिय, इसलिए तेज बारिश: मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश में इस समय तीन प्रमुख मौसमी सिस्टम सक्रिय हैं, जिनके संयुक्त प्रभाव से लगातार नमी मिल रही है और बारिश का दायरा बढ़ा हुआ है। जानकारी के अनुसार मानसून द्रोणिका बीकानेर, वनस्थली विद्यापीठ, गुना, दमोह, पेंड्रा रोड और मिदनापुर होते हुए उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। वहीं उत्तरी मध्य प्रदेश के मध्य भागों पर 7.6 किमी ऊंचाई तक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके साथ ही 22° उत्तरी अक्षांश के आसपास पूर्व-पश्चिम शियर जोन 5.8 से 7.6 किमी ऊंचाई के बीच बना हुआ है। इन तीनों सिस्टमों के कारण बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी मध्य भारत और छत्तीसगढ़ तक पहुंच रही है। इसी वजह से प्रदेश के उत्तर, मध्य और पूर्वी हिस्सों में व्यापक बारिश हो रही है और अगले दो दिन तक यह स्थिति बनी रहने की संभावना है। रायपुर समेत 14 जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश प्रदेशभर में इन दिनों बारिश का दायरा बढ़ा है। लगातार हो रही बारिश ने पिछले दिनों की वर्षा कमी को काफी हद तक पूरा किया है, लेकिन अब भी प्रदेश में बारिश सामान्य से कम है। मौसम विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार 22 जुलाई तक प्रदेश की औसत वर्षा 389 मिमी पहुंच गई। इसके बावजूद प्रदेश अभी भी सामान्य वर्षा (420.3 मिमी) से 31.3 मिमी पीछे है और सामान्य का 92.5% ही बारिश दर्ज हुई है। यही नहीं प्रदेश के 14 जिले में सामान्य या उससे अधिक वर्षा हो चुकी है, जबकि 19 जिले अब भी सामान्य से पीछे हैं। सबसे अधिक वर्षा सारंगढ़-बिलाईगढ़ (616.6 मिमी, 187%) में हुई है, जबकि बीजापुर (370.3 मिमी, 47.9%) सबसे पीछे है। इसी तरह रायपुर में 450.8 मिमी बारिश के साथ 13% अधिक वर्षा हो चुकी है और प्रदेश के बेहतर प्रदर्शन करने वाले जिलों में शामिल है।

More From Author

बस्तर का नटवरलाल:पुलिस को चकमा देकर बस्तर, दंतेवाड़ा और कांकेर की 3 जेलों से 4 बार हो चुका था फरार; फिर गिरफ्तार

पूर्व AAP पार्षद ताहिर हुसैन की सजा पर फैसला आज:2020 दिल्ली दंगों में IB अफसर अंकित शर्मा की हत्या का मामला; 6 आरोपी बरी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *