सौरभ चंद्राकर ने भारत प्रत्यर्पण से बचने फर्जी पासपोर्ट बनवाया:फोटो खुद की, नाम श्रीलंकाई क्रिकेटर का, जन्मतिथि भी अलग, डॉक्यूमेंट्स में इंडोनेशियाई नागरिकता दिखाई

महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को ओमान में गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि उसने फर्जी इंडोनेशियाई पासपोर्ट के जरिए ओमान में एंट्री ली। भारत प्रत्यर्पण की प्रक्रिया के बीच दैनिक भास्कर के हाथ उसके कथित फर्जी पासपोर्ट की तस्वीर और उससे जुड़े दस्तावेज लगे हैं। पासपोर्ट में सबसे चौंकाने वाला खुलासा उसके नाम को लेकर हुआ है। इसमें फोटो सौरभ चंद्राकर की है, लेकिन नाम ‘Ajanta Mendis’ दर्ज है। यह नाम श्रीलंका के पूर्व स्टार स्पिनर अजन्ता मेंडिस (Ajantha Mendis) से बेहद मिलता-जुलता है। दोनों नामों में सिर्फ अंग्रेजी के एक अक्षर ‘H’ का फर्क है। पासपोर्ट में खुद को 28 साल का बताया दैनिक भास्कर के पास पहुंचे फर्जी इंडोनेशियाई पासपोर्ट में सौरभ चन्द्राकर की तस्वीर लगी है और पासपोर्ट का नंबर E3387986 है। पासपोर्ट में सौरभ की पहचान 11 मार्च 1998 को जन्मे युवा दक्षिण-पूर्व एशियाई नागरिक के रूप में दिखाई गई है। वहीं पासपोर्ट 21 जून 2024 को जारी होना और 21 जून 2034 तक वैलिड दिखाया गया। जांच एजेंसियों के मुताबिक, इसी कथित फर्जी पहचान के जरिए ओमान में प्रवेश किए जाने की जांच की जा रही है। वानूआतू की नागरिकता में जन्मतिथि 1995, फर्जी पासपोर्ट में 1998 जांच में सामने आए दस्तावेजों के मुताबिक, सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल ने गिरफ्तारी और भारत प्रत्यर्पण से बचने के लिए वानूआतू की नागरिकता ली थी। जिसमें उसने अपनी जन्मतिथि 13 जनवरी 1995 दर्ज कराई थी। वहीं, ओमान में कथित तौर पर इस्तेमाल किए गए फर्जी इंडोनेशियाई पासपोर्ट में उसकी जन्मतिथि 11 मार्च 1998 दिखाई गई है। यानी दोनों दस्तावेजों में जन्मतिथि अलग-अलग है। जांच एजेंसियां इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि अलग-अलग पहचान और जन्मतिथि का इस्तेमाल क्या कानूनी कार्रवाई और प्रत्यर्पण प्रक्रिया से बचने की रणनीति का हिस्सा है। क्यों चुना गया अजन्ता मेंडिस का नाम? जांच अधिकारियों का कहना है कि पूर्व श्रीलंकाई क्रिकेटर के नाम से मिलती-जुलती पहचान क्यों चुनी गई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्या यह नाम किसी फर्जी पासपोर्ट बनाने वाले नेटवर्क ने तय किया था। क्या यह नाम खुद सौरभ चंद्राकर ने चुना था या फिर दक्षिण एशिया और खाड़ी देशों में परिचित नाम होने के कारण इसका इस्तेमाल किया गया। हालांकि, अधिकारियों ने कहा कि अभी इस संबंध में जांच चल रही है। अधिकारियों ने बताया कि पूर्व श्रीलंकाई क्रिकेटर अजन्ता मेंडिस का इस मामले से कोई संबंध नहीं है। केवल उनके नाम से मिलता-जुलता नाम कथित तौर पर फर्जी पहचान के रूप में इस्तेमाल किया गया है। फर्जी पासपोर्ट का केस बढ़ा सकता है मुश्किल जांच अधिकारियों के मुताबिक, फर्जी पासपोर्ट का मामला सौरभ चंद्राकर को भारत लाने की प्रक्रिया में देरी कर सकता है। ओमान के कानून के अनुसार, पहले वहां फर्जी पासपोर्ट से जुड़े मामले की जांच और कानूनी प्रक्रिया पूरी होगी। इसके बाद ही भारत के प्रत्यर्पण के अनुरोध पर फैसला लिया जा सकेगा। हालांकि, भारत सरकार और जांच एजेंसियां भारत-ओमान प्रत्यर्पण संधि के तहत सौरभ चंद्राकर को वापस लाने की प्रक्रिया पहले ही शुरू कर चुकी हैं। 2023 से फरार, इंटरपोल का रेड नोटिस जारी महादेव ऑनलाइन बेटिंग सिंडिकेट का कथित किंगपिन सौरभ चंद्राकर 2023 से भारतीय जांच एजेंसियों की तलाश में है। उसके खिलाफ इंटरपोल का रेड नोटिस भी जारी किया जा चुका है। ईडी का आरोप है कि महादेव ऑनलाइन बेटिंग नेटवर्क के जरिए हजारों करोड़ रुपए का अवैध कारोबार किया गया। मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के दौरान ईडी सौरभ चंद्राकर और उसके सहयोगियों से जुड़ी कई संपत्तियां भी अटैच कर चुकी है। कौन हैं अजन्ता मेंडिस? श्रीलंका के पूर्व स्पिनर अजन्ता मेंडिस दुनिया भर में ‘मिस्ट्री स्पिनर’ के नाम से मशहूर रहे है। उन्हें ‘कैरम बॉल’ को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लोकप्रिय बनाने वाले गेंदबाजों में गिना जाता है। अपने करियर की शुरुआत में उनकी गेंदबाजी बड़े-बड़े बल्लेबाजों के लिए पहेली बन गई थी। बल्लेबाज उनकी गेंदों को पढ़ नहीं पाते थे, जिससे उन्होंने कम समय में ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अलग पहचान बना ली। मेंडिस ने 2008 एशिया कप फाइनल में भारत के खिलाफ सिर्फ 13 रन देकर 6 विकेट लिए थे और श्रीलंका की खिताबी जीत के हीरो बने थे। इसी प्रदर्शन के बाद उन्हें विश्व क्रिकेट में खास पहचान मिली। अपने करियर में उन्होंने 19 टेस्ट में 70 विकेट, 87 वनडे में 152 विकेट और 39 टी-20 इंटरनेशनल में 66 विकेट हासिल किए। अजंता मेंडिस टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में एक पारी में 6 विकेट लेने वाले इकलौते गेंदबाज़ हैं। जिन्होंने 2012 T-20 वर्ल्ड कप में जिम्बाब्वे के खिलाफ 4 ओवर में सिर्फ 8 रन देकर 6 विकेट झटके थे। अजन्ता मेंडिस ने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच 2015 में न्यूजीलैंड के खिलाफ क्राइस्टचर्च में खेला था। इसके बाद उन्हें श्रीलंकाई टीम में लगातार मौका नहीं मिला। आखिरकार 28 अगस्त 2019 को उन्होंने क्रिकेट के तीनों प्रारूपों से संन्यास लेने की घोषणा कर दी। …………………… इससे संबंधित यह खबर भी पढ़िए… शेफाली बोलीं- पापा संभालते थे सट्टा ऐप प्रमोशन डील्स:घर से मिले 30 लाख कैश, ‘एजेंसियां कुछ नहीं बिगाड़ पाएंगी’ का झांसा देकर फंसाए यूजर महादेव ऑनलाइन बेटिंग सिंडिकेट से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने टीवी होस्ट और बिगबॉस रियलिटी शो कंटेस्टेंट शेफाली बग्गा से शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन भी पूछताछ की। एजेंसी ने उनके दिल्ली स्थित घर से मिले 30 लाख कैश, अवैध बेटिंग ऐप्स के प्रमोशन, विदेश यात्राओं और महादेव सिंडिकेट से कथित संबंधों को लेकर कई घंटे तक सवाल किए। पढ़ें पूरी खबर…

More From Author

अमेरिका-ईरान तनाव से ब्रेंट क्रूड 90 डॉलर पार:एक हफ्ते में 16% बढ़ा; भारत में महंगाई का खतरा, रुपया-विदेशी निवेश पर दबाव

छत्तीसगढ़ में 92 ASP-DSP स्तर के अधिकारियों का तबादला:राजेंद्र प्रसाद भैया को पीटीएस मैनपाट की कमान, ओपी शर्मा बने मुख्यमंत्री सुरक्षा के एसपी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *