छत्तीसगढ़ में 48 घंटे भारी बारिश का अलर्ट:मध्य-उत्तर हिस्से भीगेंगे, सूरजपुर में महीनेभर पहले बना रपटा बहा, मुंगेली में पुल डूबा

छत्तीसगढ़ में मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मध्य और उत्तर हिस्से में गरज-चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है। बिजली गिर सकती है। लगातार बारिश से सूरजपुर जिले में गोबरी नदी पर बना रपटा पुल तेज बहाव में टूट गया, जिससे डबरीपारा, बासापारा, शिवप्रसाद नगर समेत दर्जनों गांवों का जिला मुख्यालय और नेशनल हाईवे-43 से संपर्क टूट गया। ग्रामीणों का दावा है कि यह पुल करीब एक महीने पहले ही बनाया गया था। वहीं, मुंगेली जिले में पिछले दो दिनों की लगातार बारिश से मनियारी और आगर नदियां उफान पर हैं। मनियारी नदी पर स्थित कारीडोंगरी पुल डूब गया, जिससे लोरमी ब्लॉक के करीब 20 गांव का सीधा संपर्क कट गया है। जिले के सभी छोटे-बड़े बांध भर चुके हैं। प्रशासन ने कारीडोंगरी पुल के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर आवाजाही बंद कर दी है और लोगों से नदी-नालों के पास नहीं जाने की अपील की है। अब ये तस्वीरें देखें… नेशनल हाईवे-49 पर जलभराव इससे पहले जांजगीर-चांपा के अकलतरा स्थित कर्रा नाला जलाशय का एक हिस्सा भारी बारिश से बह गया। प्रशासन ने 125 लोगों को सुरक्षित राहत शिविरों में पहुंचाया गया। बिलासपुर में हो रही लगातार बारिश से नेशनल हाईवे-49 पर जलभराव हो गया था। कई जगहों पर सड़क के ऊपर 4 से 5 फीट तक पानी बहता नजर आया। पेंड्रा रोड में सबसे कम तापमान प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में दर्ज किया गया। सबसे कम न्यूनतम तापमान भी 22 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड किया गया। अगले 48 घंटे का पूर्वानुमान रायपुर का मौसम आज (20 जुलाई) रायपुर में दिनभर बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। अधिकतम तापमान 31°C और न्यूनतम तापमान 24°C रहने का अनुमान है। छत्तीसगढ़ में अब तक 307.2 मिमी (12 इंच) बारिश छत्तीसगढ़ में मानसून अब पूरे प्रदेश में सक्रिय है। 1 जून से 18 जुलाई तक 307.2 मिमी (12 इंच) बारिश हुई है। इस समय तक जितनी बारिश सामान्यतः होनी चाहिए, उसके मुकाबले प्रदेश में 81.8% बारिश दर्ज की गई है। शनिवार को औसतन 17.7 मिमी बारिश हुई। बिलासपुर संभाग में सबसे ज्यादा बारिश इस सीजन में सबसे ज्यादा बारिश बिलासपुर संभाग में हुई है। सारंगढ़-बिलाईगढ़ पूरे प्रदेश में पहले नंबर पर है, जहां 525.4 मिमी (20.6 इंच) बारिश दर्ज की गई। इसके बाद जांजगीर-चांपा 441.5 मिमी (17.3 इंच) और बिलासपुर में 383.7 मिमी (15.1 इंच) । शनिवार को सबसे ज्यादा 58.6 मिमी (2.3 इंच) बारिश बिलासपुर जिले में हुई। रायपुर संभाग में भी अच्छी बारिश रायपुर संभाग में महासमुंद (397.5 मिमी), बलौदाबाजार (390.3 मिमी), गरियाबंद (370.6 मिमी) और रायपुर (367.8 मिमी) में अच्छी बारिश दर्ज की गई। धमतरी में अब तक 278.8 मिमी बारिश हुई है। सरगुजा संभाग में बलरामपुर सबसे आगे सरगुजा संभाग में बलरामपुर में सबसे ज्यादा 337.5 मिमी बारिश हुई है। इसके अलावा कोरिया (267.9 मिमी), जशपुर (267.3 मिमी), एमसीबी (266.8 मिमी) और सूरजपुर (252.5 मिमी) में भी अच्छी बारिश हुई। वहीं सरगुजा जिले में अब तक सिर्फ 161 मिमी बारिश दर्ज की गई है। बस्तर संभाग में दंतेवाड़ा अव्वल बस्तर संभाग में दंतेवाड़ा में सबसे ज्यादा 405.5 मिमी बारिश हुई है। इसके बाद नारायणपुर (354 मिमी) और बीजापुर (311.8 मिमी) का स्थान है। वहीं मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी (195.1 मिमी) और कांकेर (239.7 मिमी) में अपेक्षाकृत कम बारिश हुई है। दुर्ग संभाग में राजनांदगांव सबसे पीछे दुर्ग संभाग में दुर्ग (331.5 मिमी) और बालोद (326.3 मिमी) में अच्छी बारिश हुई है। वहीं राजनांदगांव में अब तक केवल 142.9 मिमी बारिश दर्ज हुई है, जो सामान्य से काफी कम है। खरीफ फसलों की बुवाई को फायदा प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश होने से खरीफ फसलों की बुवाई को फायदा मिल रहा है। हालांकि कुछ जिलों में अब भी सामान्य से कम बारिश हुई है, इसलिए आने वाले दिनों की बारिश कृषि के लिहाज से अहम रहेगी।

More From Author

सेंसेक्स 500 अंक गिरकर 77,600 पर आया:निफ्टी भी 120 नीचे 24,200 पर, प्राइवेट बैंक और रियल्टी शेयरों में बिकवाली

पीवी सिंधु जापान ओपन 2026 जीतने वाली पहली भारतीय बनीं:राष्ट्रपति मुर्मू तीन देशों की यात्रा में पहले दिन मोल्दोवा पहुंची, 20 जुलाई के करेंट अफेयर्स

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *