अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने बताया कि उत्तरी इराक में बिना फटे ईरानी ड्रोन को नष्ट करने के दौरान एक अमेरिकी सैनिक की मौत हो गई। इसके साथ ही जंग में मारे गए अमेरिकी सैनिकों की संख्या बढ़कर 17 हो गई है। CENTCOM के मुताबिक, सैनिक ड्रोन को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करने के अभियान में शामिल था। घटना के बाद अमेरिका ने क्षेत्र में सुरक्षा उपाय और कड़े कर दिए हैं। उधर, ब्रिटेन की यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) ने बताया कि ओमान के कुमजार तट से करीब 8 समुद्री मील उत्तर-पश्चिम में एक तेल टैंकर में आग लगने की सूचना मिली है। आग लगने के कारणों की पुष्टि नहीं हुई है। UKMTO ने आसपास मौजूद जहाजों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने की सलाह दी है। पिछले 24 घंटे के 5 बड़े अपडेट्स… 1. ईरान का जॉर्डन, कुवैत और ओमान में अमेरिकी ठिकानों पर हमला: IRGC ने कहा कि उसने जॉर्डन, कुवैत, ओमान समेत कई देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर बड़े हमले किए हैं। साथ ही चेतावनी दी कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। 2. कुवैत में डिसेलिनेशन प्लांट पर दो दिनों में दूसरी बार हमला: कुवैत के बिजली उत्पादन और वॉटर डिसेलिनेशन संयंत्र पर फिर हमला हुआ, जिससे कई बिजली उत्पादन इकाइयों में आग लग गई। मंत्रालय ने घटना की पुष्टि करते हुए राहत कार्य जारी होने की जानकारी दी। 3. ईरान बोला- अमेरिका ने परमाणु संयंत्र को निशाना बनाया: ईरान के एटॉमिक एनर्जी ऑर्गनाइजेशन (AEOI) ने आरोप लगाया कि अमेरिका ने खुजेस्तान प्रांत में बन रहे डारखोविन परमाणु ऊर्जा संयंत्र की साइट पर हमला किया है। 4. ईरान में बिजली संकट गहराया: अमेरिकी हमलों और भीषण गर्मी के बीच ईरान में बिजली संकट बढ़ गया है। तेहरान समेत कई इलाकों में रोज बिजली कटौती हो रही है, जिससे आम जनजीवन और पढ़ाई प्रभावित हो रही है। 5. इराक होर्मुज पर निर्भरता घटाने की तैयारी में: इराक ने बसरा से तुर्किये और सीरिया तक नई तेल पाइपलाइन बिछाने की योजना पर काम शुरू किया है। इसका उद्देश्य तेल निर्यात के लिए होर्मुज पर निर्भरता कम करना है। ईरान जंग से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
