भाजपा नेता ने खुली जीप से किया खतरनाक स्टंट, VIDEO:मैनपाट में बनाई रंगबाजी की रील, मारपीट का सीन शूट; FIR दर्ज

छत्तीसगढ़ के सरगुजा के मैनपाट में रील बनाने के दौरान खुली जीप से खतरनाक स्टंट करने के मामले में पुलिस ने भाजपा नेता प्रकाश साहू के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। भाजपा नेता ने अपने साथियों के साथ खतरनाक तरीके से जीप चलाकर रंगबाजी का वीडियो बनाया था, जो ढाई साल पुरानी है। मामला कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, प्रकाश साहू की पत्नी किरण साहू दर्रीपारा वार्ड की पार्षद हैं। 2 जनवरी 2024 को प्रकाश साहू ने साथियों के साथ मिलकर रील बनाई थी। वीडियो सामने आने के बाद अंबिकापुर (मणिपुर चौकी) में शून्य पर केस दर्ज कर डायरी कमलेश्वरपुर थाना भेजा गया। इसके बाद पुलिस ने प्रकाश साहू के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 125 और 281 के तहत मामला दर्ज किया। हालांकि, इस मामले में अभी तक उनकी गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस मामले की आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। देखिए पहले ये तस्वीरें- 2 जनवरी 2024 को शूट हुआ था वीडियो पुलिस के अनुसार, यह वीडियो 2 जनवरी 2024 को मैनपाट में शूट किया गया था। FIR में जिक्र है कि प्रकाश साहू अपने साथी अनिकेत, मुकेश मुंडा, अंकित दास और अन्य लोगों के साथ जीप (CG 04 H 2405) में सवार होकर खतरनाक तरीके से वाहन चला रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद अब इस मामले में कार्रवाई की गई है। पहले भी विवादों में रह चुके हैं प्रकाश साहू प्रकाश साहू पहले कांग्रेस में थे। नगर निगम चुनाव से पहले उन्होंने अपनी पत्नी किरण साहू के साथ भाजपा की सदस्यता ली थी। किरण साहू वर्तमान में भाजपा की पार्षद हैं। प्रकाश साहू जमीन के कारोबार से भी जुड़े हैं। साल 2022 में एक आदिवासी शख्स की संदिग्ध मौत से जुड़े मामले में उन्हें गिरफ्तार किया गया था। आरोप था कि आदिवासी की जमीन का सौदा उनके सहयोगी मुकेश मुंडा के नाम पर कराया गया और करीब 70 लाख रुपए की जमीन की रजिस्ट्री 7 लाख रुपए में कराई गई। शिकायत की जांच के दौरान संबंधित ग्रामीण की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। इस मामले में चेक जारी करने के आधार पर प्रकाश साहू को आरोपी बनाया गया था। ASP बोले- मामला संज्ञान में आते ही हुई कार्रवाई सरगुजा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) अमोलक सिंह ने कहा कि पुलिस को मामले की जानकारी अब मिली है, इसलिए कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि आरोपी कौन है, इससे पुलिस का कोई लेना-देना नहीं है और कानून के अनुसार कार्रवाई की गई है। ……………….. स्टंटबाजी से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… चलती कार की खिड़की-दरवाजे से बाहर निकलकर स्टंट, VIDEO:सूरजपुर के मोरभंज पर्यटन स्थल का मामला, कार सवारों के पहचान में जुटी पुलिस छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में कार सवार युवकों का खतरनाक स्टंट सामने आया है। जयनगर थाना थाना क्षेत्र में कोई चलती कार का दरवाजा खोलकर स्टंट करता नजर आया, तो कुछ युवक कार की खिड़की से बाहर निकलकर हंगामा और स्टंटबाजी करते दिखाई दिए। पढ़ें पूरी खबर…

More From Author

जेलेंस्की ने प्रधानमंत्री के बाद अब रक्षामंत्री को भी हटाया:ड्रोन हमलों से रूस को पछाड़ा था, फैसले के खिलाफ हजारों लोग सड़कों पर उतरे

बंगाल की खाड़ी में दो नावें डूबीं,500 मौतों की आशंका:ज्यादातर रोहिंग्या सवार थे, खराब मौसम की वजह से हादसा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *