कर्नाटक में डॉक्टर की घर में हत्या, बेटा घायल मिला:पत्नी भी डॉक्टर; परिवार से कहा था- पति सो रहे, फिर बताया- बाहर गए हैं

कर्नाटक के धारवाड़ में बुधवार को 45 साल के डॉक्टर (एनेस्थीसिया विशेषज्ञ) किरण होन्नन्नावर की उनके फ्लैट में हत्या कर दी गई। उनका 8 साल का बेटा चाकू के घावों के साथ घायल मिला। बच्चे का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने डॉक्टर की पत्नी प्रियंका को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। प्रियंका आंखों की डॉक्टर हैं। पुलिस के मुताबिक, घटना एक हाई-सिक्योरिटी अपार्टमेंट में हुई, जिसमें डॉक्टर किरण अपनी पत्नी और बेटे के साथ रहते थे। शुरुआती जांच में किसी बाहरी व्यक्ति के फ्लैट में घुसने के सबूत नहीं मिले हैं। घटना के समय घर में सिर्फ पति, पत्नी और उनका बेटा मौजूद थे। मामले का खुलासा तब हुआ, जब डॉ. किरण के परिजन पूरे दिन उनसे संपर्क करने की कोशिश करते रहे। फिर भी बात नहीं हो पाई। परिजन फोन करते रहे, पत्नी देती रहीं अलग-अलग जवाब पुलिस के मुताबिक, पत्नी प्रियंका ने ससुरालवालों से पहले कहा कि पति आराम कर रहे हैं, बाद में बताया कि वह बाहर गए हैं। शाम तक बात नहीं होने पर परिजन फ्लैट पहुंचे। वहां डॉ. किरण एक कमरे में खून से लथपथ मृत मिले, जबकि दूसरे कमरे में उनका बेटा घायल हालत में पड़ा था। पुलिस ने बच्चे को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। डॉ. किरण के परिजनों ने हत्या के लिए उनकी पत्नी पर आरोप लगाया है, लेकिन पुलिस ने अभी तक उनकी भूमिका की पुष्टि नहीं की है। मामले में सबअर्बन पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है। पुलिस बोली- पत्नी सदमे में है, बार-बार बयान बदल रही हुबली-धारवाड़ के पुलिस आयुक्त एन. शशिकुमार ने बताया कि अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि घटना किस क्रम में हुई। पत्नी सदमे में है और पूछताछ के दौरान अलग-अलग बयान दे रही है। पुलिस उसके बयानों की जांच कर रही है। साथ ही दोनों परिवारों से भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि हत्या की वजह पता चल सके। पुलिस अपार्टमेंट के CCTV फुटेज भी खंगाल रही है। अधिकारियों के मुताबिक, पड़ोसियों से किसी तरह के विवाद की जानकारी नहीं मिली है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद ही हत्या की वजह और पूरी घटना का क्रम साफ हो सकेगा। शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा लग रहा है। पुलिस ने बच्चे की मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी मीडिया रिपोर्टों की भी पुष्टि नहीं की है।

More From Author

पुरी और अहमदाबाद में जगन्नाथ रथयात्रा आज:सोने की झाड़ू से होगी रथों की सफाई; सबसे आगे बलभद्र, आखिर में निकलेंगे जगन्नाथ

गडकरी बोले- 2004 से पेट्रोल में एथेनॉल मिल रहा:गाड़ियों को नुकसान का कोई सबूत नहीं, माइलेज सड़क और ट्रैफिक की स्थिति पर निर्भर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *