बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम जारगिम-जुड़वानी में बुधवार शाम महिला मजदूरों से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दो महिलाओं की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं। वाहन में 20 से 25 महिला मजदूर (बनिहार) सवार थीं। अन्य कई महिलाओं को भी चोटें आई हैं। जानकारी के अनुसार, परेवा गांव की महिला मजदूरों को धान की रोपाई के लिए जारगिम-जुड़वानी ले जाया गया था। शाम करीब 6 बजे सभी मजदूर पिकअप से वापस परेवा लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक मोड़ पर तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और पिकअप पलट गई। दो महिलाओं की मौके पर मौत हादसे में विमला नगेशिया (40) और कामेश्वरी पैकरा (46), दोनों निवासी परेवा, की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अन्य कई महिलाएं घायल हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही शंकरगढ़ पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को 108 एम्बुलेंस की मदद से शंकरगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। इनमें से तीन महिलाओं की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर किया गया। अन्य घायलों का इलाज शंकरगढ़ अस्पताल में जारी है। टक्कर के बाद डर से तेज रफ्तार में भाग रहा था चालक शंकरगढ़ थाना प्रभारी विमलेश सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि महिलाओं को छोड़ने जा रही पिकअप ने रास्ते में एक अन्य पिकअप को टक्कर मार दी थी। ग्रामीणों के पीछा करने के डर से चालक तेज रफ्तार में वाहन भगाने लगा। इसी दौरान मोड़ पर वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दो की मौत, घायलों में तीन की हालत गंभीर
हादसे में पिकअप सवार विमला नगेशिया 40 वर्ष और कामेश्वरी पैकरा 46 वर्ष, दोनों निवासी परेवा की मौके पर मौत हो गई। वहीं अन्य सवारों को भी गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना पर शंकरगढ़ पुलिस एवं स्वास्थ्य अमले की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को 108 एम्बुलेंस से शंकरगढ़ हॉस्पिटल लाया गया। तीन महिलाओं को गंभीर अवस्था में मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया गया। अन्य घायल लोगों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शंकरगढ़ में किया जा रहा है। हादसे का कारण तेज रफ्तार बताया गया है। पिकअप में 20 से अधिक महिलाएं सवार थीं। शंकरगढ़ थाना प्रभारी विमलेश सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि महिलाओं को लेकर परेवा छोड़ने जा रहे पिकअप ने रास्ते में एक पिकअप को टक्कर मार दी थी। ग्रामीण उन्हें दौड़ाएंगे, इस डर से पिकअप का चालक तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था। मामले की जांच की जा रही है। सरगुजा संभाग में रोपाई के मौसम में बड़ी संख्या में मजदूरों को रोपा लगाने के लिए मालवाहकों से ढोया जाता है, जिससे हादसे भी होते हैं।
